कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद घरेलू बाजार में खरीदारी लौटी, पीएसयू बैंक और हेल्थकेयर शेयरों में तेजी से निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।
नए कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने शानदार वापसी की। कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद घरेलू बाजार हरे निशान में खुला और शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 566 अंकों से ज्यादा उछल गया। वहीं, निफ्टी ने भी 25,200 के अहम स्तर के ऊपर अपनी पकड़ मजबूत की।
पिछले कारोबारी सत्र की गिरावट के बाद निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। पीएसयू बैंक और हेल्थकेयर शेयरों में तेजी ने बाजार को मजबूती दी।
सेंसेक्स और निफ्टी की मजबूत शुरुआत
सोमवार को शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 566.77 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,159.22 के स्तर पर पहुंच गया। एनएसई निफ्टी भी 140.30 अंक यानी 0.56 प्रतिशत उछलकर 25,284.60 पर कारोबार करता दिखा।
शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 1,438 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,069 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं, 267 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ।
पीएसयू बैंक और मीडिया शेयरों में तेजी
सेक्टोरल इंडेक्स में ज्यादातर हरे निशान में कारोबार करते दिखे। निफ्टी पीएसयू बैंक में सबसे ज्यादा 0.93 प्रतिशत की तेजी रही। निफ्टी मीडिया 0.52 प्रतिशत, निफ्टी बैंक और निफ्टी हेल्थकेयर 0.51-0.51 प्रतिशत चढ़े।
इसके अलावा निफ्टी फार्मा में 0.41 प्रतिशत, निफ्टी प्राइवेट बैंक में 0.39 प्रतिशत, निफ्टी सीमेंट में 0.30 प्रतिशत और निफ्टी आईटी में 0.21 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
दूसरी ओर, निफ्टी मेटल में 0.96 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी में 0.78 प्रतिशत और निफ्टी ऑयल एंड गैस में 0.33 प्रतिशत की गिरावट रही।
आयशर मोटर्स और भारती एयरटेल टॉप गेनर्स
दिग्गज शेयरों में आयशर मोटर्स 2.43 प्रतिशत की तेजी के साथ निफ्टी के टॉप गेनर्स में शामिल रहा। भारती एयरटेल में 2.30 प्रतिशत, एशियन पेंट्स में 1.87 प्रतिशत और एसबीआई में 1.63 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
इसके अलावा इटर्नल 1.22 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 1.19 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल्स 1.16 प्रतिशत और कोटक महिंद्रा बैंक 1 प्रतिशत चढ़े।
वहीं, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स में 7.46 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। टाटा स्टील 1.34 प्रतिशत, कोल इंडिया 1.26 प्रतिशत, हिंडाल्को 0.90 प्रतिशत और पावरग्रिड 0.84 प्रतिशत टूटे। अदानी एंटरप्राइजेज और बजाज फाइनेंस भी लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

