पुणे से गुवाहाटी जा रही फ्लाइट 6E 623 की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई है।
पुणे से गुवाहाटी जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट में रविवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी सामने आ गई। इसके बाद विमान को वापस पुणे एयरपोर्ट लाने का फैसला किया गया। करीब 90 मिनट तक हवा में रहने के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 623 ने पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरी थी। टेकऑफ के तुरंत बाद विमान में तकनीकी समस्या का पता चला। इसके बाद विमान को वापस पुणे लाया गया।
इंडिगो ने जारी किया बयान
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि 15 नवंबर 2026 को पुणे से गुवाहाटी जा रही फ्लाइट में उड़ान भरने के तुरंत बाद तकनीकी खराबी का पता चला था। इसके बाद विमान को पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
एयरलाइन के मुताबिक, मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के तहत सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। फिलहाल विमान की तकनीकी जांच और मेंटेनेंस किया जा रहा है। जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा संचालन में शामिल किया जाएगा।
यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था
इंडिगो ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए तत्काल दूसरे विमान की व्यवस्था की है। एयरलाइन यात्रियों को नियमित अपडेट देने के साथ भोजन और जलपान की सुविधा भी उपलब्ध करा रही है।
इसके अलावा यात्रियों को जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक फ्लाइट और रिफंड के विकल्प भी दिए जा रहे हैं। प्रवक्ता ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि कंपनी इसके प्रभाव को कम करने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है।

