7वीं और 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए सरकारी नौकरी का मौका, ग्रामीण और शहरी पदों के लिए अलग-अलग योग्यता तय
झारखंड के देवघर जिले में होमगार्ड के 772 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन करने का आज आखिरी मौका है। झारखंड गृह रक्षा वाहिनी की इस भर्ती के लिए योग्य उम्मीदवार 26 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी देवघर जिले की आधिकारिक वेबसाइट deoghar.nic.in या झारखंड के भर्ती पोर्टल के माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं।
ग्रामीण और शहरी होमगार्ड के कितने पद?
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 772 पद भरे जाएंगे। इनमें ग्रामीण होमगार्ड के 634 और शहरी होमगार्ड के 138 पद शामिल हैं।
ग्रामीण होमगार्ड पदों के लिए उम्मीदवार का कम से कम सातवीं पास होना जरूरी है। साथ ही, आवेदक को संबंधित प्रखंड का स्थायी निवासी होना चाहिए। वहीं, शहरी होमगार्ड पदों के लिए कम से कम 10वीं पास होना और देवघर के शहरी क्षेत्र का निवासी होना अनिवार्य है।
भर्ती में 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। महिला आरक्षण के भीतर विधवा और तलाकशुदा महिलाओं के लिए पांच प्रतिशत पद आरक्षित रखे गए हैं।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 19 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष होनी चाहिए। आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी।
आवेदन शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा।
कैसे करें आवेदन?
उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन करके आवेदन कर सकते हैं।
- देवघर जिले की आधिकारिक वेबसाइट deoghar.nic.in या झारखंड भर्ती पोर्टल पर जाएं।
- ‘होमगार्ड भर्ती 2026’ के लिंक पर क्लिक करें।
- रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
- आवश्यक दस्तावेज और फोटो अपलोड करें।
- 200 रुपये आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें।
आवेदन लिंक: https://recruitment.jharkhand.gov.in/
भर्ती का नोटिफिकेशन: https://cdn.s3waas.gov.in/s3559cb990c9dffd8675f6bc2186971dc2/uploads/2026/09/17892090931452.pdf
कैसे होगा चयन?
होमगार्ड भर्ती में चयन के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा और हिंदी लेखन दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। तकनीकी पदों के लिए अलग से तकनीकी दक्षता परीक्षा भी ली जाएगी।
शारीरिक दक्षता परीक्षा
शारीरिक परीक्षा में एक मील (लगभग 1.6 किलोमीटर) की दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और गोला फेंक जैसी गतिविधियां शामिल हैं।
शारीरिक माप के अनुसार, सामान्य, ओबीसी और बीसी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 162 सेंटीमीटर होनी चाहिए। एससी और एसटी वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 157 सेंटीमीटर निर्धारित है। सभी वर्गों की महिला उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 148 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
हिंदी लेखन परीक्षा
शारीरिक परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को 100 अंकों की हिंदी लेखन दक्षता परीक्षा देनी होगी। इसमें उत्तीर्ण होने के लिए कम से कम 30 अंक प्राप्त करना जरूरी है। तकनीकी पदों के लिए संबंधित तकनीकी दक्षता परीक्षा भी देनी होगी।
उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में पात्रता, शारीरिक परीक्षा और अन्य शर्तों की जानकारी ध्यान से पढ़ लें।

