कानपुर में बेकाबू थार ने स्कूटी सवार को कुचला, मौत के बाद दूसरी कार से फरार हुए सवार

Thecity news
3 Min Read

कल्याणपुर में तेज रफ्तार थार मकान की बाउंड्री तोड़कर गार्डन में घुसी, चश्मदीदों ने महिला को चालक बताया; पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिवाली से पहले तेज रफ्तार थार से हुए हादसे में 55 वर्षीय स्कूटी सवार की मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद थार अनियंत्रित होकर एक मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए गार्डन में जा घुसी। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के समय गाड़ी एक महिला चला रही थी। स्थानीय लोगों ने जब उसमें सवार लोगों को पकड़ने की कोशिश की तो वे दूसरी कार से मौके से फरार हो गए।

घटना शनिवार रात करीब 8 बजे कल्याणपुर के आवास विकास-3 इलाके में हुई। पुलिस ने थार की नंबर प्लेट के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर ली है और चालक का पता लगाने में जुटी है।

तेज रफ्तार थार ने स्कूटी को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, थार की रफ्तार काफी तेज थी। स्कूटी सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर लगने के बाद थार अनियंत्रित हो गई और एक मकान की बाउंड्री तोड़ते हुए अंदर गार्डन में जा घुसी। हादसे में स्कूटी सवार 55 वर्षीय संतोष सिंह चौहान की मौत हो गई।

चश्मदीदों का दावा है कि थार को एक महिला चला रही थी। उसके साथ एक अन्य युवती और युवक भी मौजूद थे। हादसे के बाद तीनों दूसरी कार से मौके से भाग निकले।

घर से महज 500 मीटर दूर हुआ हादसा

संतोष सिंह चौहान के बेटे राहुल चौहान ने घटनास्थल पर पहुंचकर पिता के शव की पहचान की। पिता का शव देखकर वह बदहवास हो गया और फूट-फूटकर रोने लगा।

राहुल ने बताया कि उनके पिता शनिवार रात करीब 7:30 बजे स्कूटी लेकर घर से निकले थे। वह अपनी पत्नी की साड़ी लेकर कहीं जा रहे थे। घर से निकलते समय उन्होंने जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद सड़क हादसे में उनकी मौत की खबर मिल गई। हादसा उनके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ।

नंबर प्लेट से गाड़ी मालिक की पहचान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्यवाही शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार की नंबर प्लेट के आधार पर उसके मालिक की जानकारी जुटाई है।

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय थार कौन चला रहा था और उसमें कौन-कौन सवार थे। इसके लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Share This Article