कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने देश के तीन बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। विभाग ने यह कार्रवाई इन प्लेटफॉर्म पर जहरीले धतूरे के फल और बीजों को ऑनलाइन बेचने की शिकायत के बाद की है। तीनों प्लेटफॉर्म के फूड लाइसेंस को अगले आदेश तक निलंबित रखने का निर्देश दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को शिकायत मिली थी कि धतूरे के फल और बीज इंसानी इस्तेमाल के लिए ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं। विभाग ने जांच की तो अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट पर लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद तीनों ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ऑनलाइन बेचा जा रहा था धतूरे का फल और बीज
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि विभाग को कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीजों की बिक्री की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई, जिसमें आरोप सही पाए गए। अधिकारी के अनुसार, कुछ पैकेटों पर एफएसएसएआई लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज थे।
धतूरा जहरीला होता है और इसके सेवन से स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए तीनों ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिए। साथ ही प्लेटफॉर्म को धतूरे से जुड़े उत्पादों की सप्लाई करने वाले वेंडरों और कंपनियों के लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
विज्ञापनों और ऑनलाइन लिस्टिंग को तुरंत हटाने का निर्देश
विभाग ने अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट को अपने प्लेटफॉर्म से इंसानी इस्तेमाल के लिए धतूरे की बिक्री से जुड़ी सभी ऑनलाइन लिस्टिंग और विज्ञापनों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा धतूरे को खाद्य पदार्थ के रूप में बेचने, वितरित करने और प्रदर्शित करने पर भी रोक लगाने को कहा गया है।
स्विगी ने मांगा समय, बिगबास्केट ने रोकी बिक्री
जानकारी के मुताबिक, स्विगी इंस्टामार्ट ने विभाग से जरूरी दस्तावेज जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। वहीं, बिगबास्केट ने धतूरे से जुड़े उत्पादों की बिक्री रोक दी है। कंपनी ने विभाग को बताया है कि भविष्य में ऐसी किसी भी लिस्टिंग पर स्पष्ट रूप से ‘मानव उपभोग के लिए नहीं’ लिखा जाएगा।
वहीं, अमेजन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

