उत्तरी कश्मीर के केरन सेक्टर में संदिग्ध गतिविधि दिखने के बाद जवानों ने आतंकवादियों को चुनौती दी। इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास शनिवार तड़के सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दो आतंकवादी मारे गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, केरन सेक्टर के जुमगुंड इलाके में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, सतर्क जवानों ने एलओसी के पास संदिग्ध गतिविधि देखी। इसके बाद उन्होंने आतंकवादियों को चुनौती दी और उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि इलाके में सुरक्षा बलों का ऑपरेशन जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आतंकवादी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे या नहीं। अभियान से जुड़ी अन्य जानकारी का इंतजार है।
पुंछ में धमाके में चार आतंकवादी मारे गए थे
इससे कुछ दिन पहले जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास कृष्णा घाटी सेक्टर के नंगी टेकरी इलाके में माइन ब्लास्ट हुआ था। यह धमाका जीरो लाइन के पास हुआ था, जिसमें चार आतंकवादी मारे गए थे।
बताया गया था कि धमाका घुसपैठ रोकने के लिए एंटी-इनफिल्ट्रेशन ग्रिड के तहत बिछाई गई माइंस फटने से हुआ। मारे गए आतंकवादियों में लश्कर-ए-तैयबा का शीर्ष कमांडर मोहम्मद फैजान भी शामिल था। अन्य तीन की पहचान वकास, इश्तियाक और आसिम के रूप में बताई गई थी।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में अलर्ट जारी किया था और सीमा पर निगरानी बढ़ा दी थी।

