कुशीनगर में आधी रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
हादसा कसया-देवरिया मार्ग पर रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे सिसवा गांव के पास आधी रात को हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
चार लोगों की इलाज के दौरान मौत
हादसे में नितेश और प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, संजीव उर्फ गोलू और अंकुर ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में घायल तीन अन्य लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार देने के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। कार सवार सभी लोग देवरिया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
दशहरा का मेला देखकर लौट रहे थे सभी
परिजनों के मुताबिक, सभी लोग कसया कस्बे में दशहरा का मेला देखने आए थे। मेला देखने के बाद गांव लौटते समय तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। इस दुर्घटना ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. अजय सिंह ने बताया कि तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, जिसमें चार लोगों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

