चारबाग स्टेशन पर सामने आए मामले में महिला ने ढाई लाख के आभूषण और 25 हजार रुपये चोरी होने का दावा किया, अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा।
लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही एक महिला के गहने और नकदी चोरी होने का मामला सामने आया है। महिला का दावा है कि उनके बैग से करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद गायब हो गए।
महिला ने आरोप लगाया कि मदद के लिए उन्होंने एक-दो नहीं, बल्कि चार बार इमरजेंसी चेन खींची, लेकिन न तो टीटीई मौके पर पहुंचा और न ही आरपीएफ का कोई जवान मदद के लिए आया।
महिला ने रेलवे हेल्पलाइन पर भी संपर्क करने की बात कही, लेकिन उनके मुताबिक वहां से भी तत्काल सहायता नहीं मिली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है।
फर्स्ट एसी कोच में बैग से गहने और नकदी गायब
मामला ट्रेन नंबर 15726 आनंद विहार टर्मिनस-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस का है। महिला अपने छोटे बच्चे के साथ इस ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही थीं।
महिला के मुताबिक, उनके बैग में रखे करीब ढाई लाख रुपये के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। उन्हें इस घटना की जानकारी ट्रेन के लखनऊ स्थित चारबाग स्टेशन पहुंचने पर हुई। महिला ने बताया कि उन्हें समझ नहीं आया कि बैग से गहने और नकदी कब और कैसे गायब हुए।
चार बार चेन खींचने पर भी मदद नहीं मिलने का आरोप
महिला का आरोप है कि चोरी का पता चलने के बाद उन्होंने ट्रेन रोकने और रेलवे कर्मचारियों का ध्यान खींचने के लिए चार बार इमरजेंसी चेन खींची। इसके बावजूद कोई टीटीई या पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
महिला ने रेलवे हेल्पलाइन पर भी फोन किया, लेकिन उनका कहना है कि वहां से भी उन्हें तत्काल कोई जवाब या सहायता नहीं मिली।
महिला ने वीडियो बनाकर अपनी परेशानी बताई और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अगर फर्स्ट एसी के बंद कूपे में सफर करने वाली महिला यात्री को भी सुरक्षा और मदद नहीं मिलती, तो रेलवे पर भरोसा कैसे किया जाए।
अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना
महिला के साथ कथित चोरी और मदद नहीं मिलने के आरोपों के बाद मामला राजनीतिक चर्चा में भी आ गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने लिखा, ‘भाजपा ही अराजकता है… भाजपा राज में कोई अपराधी नहीं पकड़ा जाएगा, क्योंकि जो अपराधी होगा वो भाजपा में कहीं कोई पदाधिकारी होगा… नारी के आंसू भाजपा की सत्ता को बहा ले जाएंगे!’
इस मामले में अभी तक रेलवे, आरपीएफ और जीआरपी की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है।

