मुंबई में फिर महंगी हुई सीएनजी, सात महीने में 9 रुपये प्रति किलो बढ़े दाम

Thecity news
3 Min Read

नई बढ़ोतरी के बाद सीएनजी की कीमत 90 रुपये प्रति किलो पहुंची, ऑटो-टैक्सी चालकों की लागत बढ़ने से यात्रियों पर भी पड़ सकता है असर।

मुंबई में सीएनजी की कीमत में एक बार फिर 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। इसके साथ ही सीएनजी का दाम बढ़कर 90 रुपये प्रति किलो हो गया है। महानगर गैस लिमिटेड (एमजीएल) के अनुसार, मिडिल ईस्ट में जारी संकट के कारण गैस की खरीद लागत बढ़ गई है। इसी वजह से कीमतों में इजाफा करने का फैसला लिया गया है।

बढ़ी हुई दरें 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि से लागू हो गई हैं। ईंधन महंगा होने से रिक्शा और टैक्सी चालकों की परिचालन लागत एक बार फिर बढ़ गई है। पिछले सात महीनों में सीएनजी के दाम कुल 9 रुपये प्रति किलो बढ़ चुके हैं।

इस साल छठी बार बढ़े दाम

इस साल सीएनजी की कीमतों में यह छठी बढ़ोतरी है। इससे पहले 12 अप्रैल को 1 रुपये, 14 मई और 30 मई को 2-2 रुपये, 1 सितंबर को 2 रुपये और 1 अक्टूबर को 1 रुपये प्रति किलो की वृद्धि की गई थी। अब 1 नवंबर से 1 रुपये प्रति किलो की नई बढ़ोतरी लागू हो गई है।

मिडिल ईस्ट में जारी संकट के अलावा घरेलू गैस का आवंटन कम होने और महंगी आयातित गैस पर निर्भरता बढ़ने से भी खरीद लागत में इजाफा हुआ है।

यात्रियों की जेब पर भी पड़ सकता है असर

सीएनजी की लगातार बढ़ती कीमतों से ऑटो-टैक्सी चालकों की प्रति किलोमीटर परिचालन लागत बढ़ रही है। इसका असर आम यात्रियों के यात्रा खर्च पर भी पड़ने की आशंका है।

सितंबर में बढ़ाए गए थे किराए

मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण ने 1 सितंबर से रिक्शा और टैक्सी के संशोधित किराए लागू किए थे। इसके तहत टैक्सी का न्यूनतम किराया 31 रुपये से बढ़ाकर 33 रुपये और ऑटो रिक्शा का न्यूनतम किराया 26 रुपये से बढ़ाकर 27 रुपये किया गया था।

मुंबई महानगर क्षेत्र में करीब 5.50 लाख ऑटो रिक्शा और 50 हजार काली-पीली टैक्सियां हैं। ऐसे में सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से बड़ी संख्या में चालकों की परिचालन लागत प्रभावित हो रही है।

Share This Article