मुंबई में बारिश का कहर, रेड अलर्ट के बीच जनजीवन बेहाल; सड़क, रेल और उड़ान सेवाएं प्रभावित

Thecity news
4 Min Read

भारी बारिश से मुंबई की रफ्तार थमी, 6 जुलाई तक रेड अलर्ट

मुंबई और उसके उपनगरों समेत ठाणे, रायगढ़ और पालघर में शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, घरों और दुकानों में पानी घुस गया, जबकि सड़क, रेल और हवाई सेवाएं भी प्रभावित रहीं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 जुलाई तक मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें।

बारिश के चलते कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक रोकना पड़ा और शहरभर में लंबा जाम देखने को मिला। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए मुंबई शहर और उपनगरों के सभी सरकारी व निजी स्कूलों और कॉलेजों में दोपहर बाद छुट्टी घोषित कर दी गई। कम दृश्यता के कारण कई उड़ानों को भी दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।

बीएमसी ने युद्धस्तर पर संभाला मोर्चा

बारिश से उत्पन्न हालात से निपटने के लिए बीएमसी का आपदा प्रबंधन विभाग लगातार सक्रिय रहा। इमरजेंसी कंट्रोल रूम में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की गई। स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, सीवेज सिस्टम और पंपिंग स्टेशनों की कार्यक्षमता पर विशेष निगरानी रखी गई ताकि जलनिकासी सुचारु बनी रहे। बीएमसी ने बताया कि करीब 10 हजार अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न इलाकों में तैनात कर हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

लेप्टोस्पायरोसिस का खतरा बढ़ा, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

लगातार जलभराव को देखते हुए बीएमसी ने लेप्टोस्पायरोसिस संक्रमण को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से बारिश के गंदे पानी में जाने से बचने और जरूरत पड़ने पर डॉक्सीसाइक्लिन 200 एमजी की दवा लेने की सलाह दी है। यह दवा बीएमसी के डिस्पेंसरी और क्लीनिकों में उपलब्ध कराई गई है।

रेल और मेट्रो सेवाओं पर पड़ा असर

केल्वे रोड स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के इंजन में तकनीकी खराबी आने से कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें घंटों प्रभावित रहीं। वहीं भारी बारिश के कारण वसई, विरार और नालासोपारा क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया, जिससे लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों की रफ्तार कम करनी पड़ी। वेस्टर्न, सेंट्रल और हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें 20 से 30 मिनट की देरी से चलीं।

दूसरी ओर, दहिसर-अंधेरी वेस्ट मेट्रो-2ए लाइन पर तकनीकी खराबी के कारण मंडपेश्वर स्टेशन पर मेट्रो सेवा कुछ समय के लिए प्रभावित रही। बाद में एकल ट्रैक पर संचालन कर सेवाओं को जारी रखा गया।

मुंबई में कहां कितनी हुई बारिश?

बीएमसी के अनुसार शनिवार शाम 8 बजे तक मुंबई शहर में औसतन 133 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 180 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 166 मिमी बारिश दर्ज की गई। पवई में सर्वाधिक 240 मिमी, विक्रोली पश्चिम में 201.6 मिमी, अंधेरी में 208 मिमी, चिचोली में 181 मिमी और जी-साउथ वार्ड में 120 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

भांडुप में सड़क धंसी, मंत्री ने लिया हालात का जायजा

भांडुप पश्चिम स्थित एलबीएस रोड पर एशियन पेंट्स के सामने लगभग 100×100 फीट सड़क धंस गई, जिससे एक वाहन गड्ढे में गिर गया। हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना स्थल पर पहले से खुदाई का काम चल रहा था।

इस बीच आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बीएमसी मुख्यालय पहुंचकर कंट्रोल रूम से हालात की समीक्षा की। महापौर रितु तावड़े, मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *