अब्दुल राशिद कंपाउंड में लगी आग पर करीब छह घंटे बाद काबू पाया गया, जबकि चार लोग झुलस गए और मृतकों की पहचान नहीं हो सकी।
मुंबई, 21 अक्टूबर। मुंबई के अंधेरी इलाके के साकीनाका स्थित अब्दुल राशिद कंपाउंड में मंगलवार शाम भीषण आग लग गई। खैरानी रोड पर स्क्रैप सामान के एक गोदाम से शुरू हुई आग तेजी से फैल गई। दमकल की कई टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
आग मंगलवार शाम करीब 6:18 बजे लगी थी। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार रात 12:30 बजे इस पर काबू पाया जा सका।
घटनास्थल से दो शव बरामद, चार लोग झुलसे
आग बुझने के बाद घटनास्थल की जांच के दौरान दो शव बरामद हुए। बताया गया कि वहां खाली एयरोसोल कंटेनर भी मौजूद थे। दोनों शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिसके कारण मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजावाड़ी अस्पताल भेजा गया है।
इस हादसे में चार अन्य लोग भी झुलस गए। इनमें करीब 20 साल की उम्र के दो युवक शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, कुछ घायलों का शरीर 10 से 80 प्रतिशत तक जल गया है। सभी घायलों को राजावाड़ी अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है।
60 से 70 कारोबारी यूनिट्स तक पहुंची आग
दमकल विभाग के मुताबिक, आग करीब 4,000 वर्गफुट क्षेत्र में फैल गई। इसकी चपेट में 60 से 70 व्यावसायिक यूनिट्स और चॉल भी आ गईं।
आग से बिजली की वायरिंग, कपड़ों के स्टॉक, प्लास्टिक ग्रैन्यूल्स, स्क्रैप, लकड़ी के फर्नीचर, खाली एयरोसोल कंटेनर, एलपीजी सिलेंडर और मशीनरी को नुकसान पहुंचा। सड़क किनारे खड़े दो दोपहिया वाहन और एक टेंपो भी आग की चपेट में आ गए।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दशहरे के दिन मुंबई में आग की तीसरी बड़ी घटना
दशहरे के दिन मुंबई में आग लगने की यह तीसरी बड़ी घटना थी। इससे पहले कुर्ला की 13 मंजिला इमारत के इलेक्ट्रिकल डक्ट में आग लगी थी, जिसमें तीन बच्चों समेत नौ लोग घायल हुए थे।
इसके अलावा दक्षिण मुंबई के भुलाभाई देसाई रोड स्थित अमरसन्स स्टोर में भी आग लगने की घटना सामने आई थी। साकीनाका में हुई इस घटना के बाद पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं।

