मुंबई के वर्ली में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, रिहायशी इलाके से बड़ी मात्रा में सिलेंडर जब्त

Thecity news
3 Min Read

Mumbai Gas Cylinder Black Marketing: मुंबई के वर्ली इलाके में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वाले एक गैंग का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। राशन डिस्ट्रीब्यूशन डिपार्टमेंट की टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार सिलेंडरों को रिहायशी इलाके में खतरनाक तरीके से स्टोर कर ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।

मोबाइल टीम ने की संयुक्त कार्रवाई

यह कार्रवाई कंट्रोलर राशन डिस्ट्रीब्यूशन ऑफिस की मोबाइल टीम और ऑफिस नंबर 21 के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से की। अधिकारियों को सूचना मिली थी कि वर्ली के वी नाका क्षेत्र में गणपतराव कदम मार्ग स्थित ‘सूरज वल्लभदास चॉल’ इलाके में गैस सिलेंडर गैर-कानूनी तरीके से स्टोर कर बेचे जा रहे हैं।

सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में सिलेंडर बरामद कर लिए।

अलग-अलग कंपनियों के सिलेंडर जब्त

छापेमारी के दौरान अधिकारियों को कई कंपनियों के गैस सिलेंडर मिले। इसमें शामिल हैं:

  • HP Gas के 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडर
  • Super Gas के 4 किलोग्राम के 64 भरे हुए सिलेंडर
  • सुपर गैस के 12 किलोग्राम के 19 भरे हुए सिलेंडर
  • इसके अलावा 12, 4 और 2 किलोग्राम के 25 खाली सिलेंडर भी बरामद किए गए

अधिकारियों ने बताया कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से स्टोर करके ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था।

रिहायशी इलाके में स्टोर करना बेहद खतरनाक

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि रिहायशी इलाकों में बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर रखना बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे आग या विस्फोट जैसी बड़ी दुर्घटना का खतरा बना रहता है और लोगों की जान को भी जोखिम हो सकता है।

कालाबाजारी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

यह कार्रवाई कंट्रोलर राशन डिस्ट्रीब्यूशन चंद्रकांत डांगे के मार्गदर्शन में की गई। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के अनुसार विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए 24 घंटे अलर्ट पर हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *