नागपुर में 28 वर्षीय महिला कबड्डी खिलाड़ी किरण दाधे ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या कर दी। पति पर मानसिक उत्पीड़न और झूठे नौकरी के वादों का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला।
नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर में एक महिला कबड्डी खिलाड़ी की आत्महत्या से हड़कंप मच गया है। मृतका की पहचान 28 वर्षीय किरण सूरज दाधे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सावनेर तालुका के मालेगांव कस्बे में किरण ने कीटनाशक खाकर जान दे दी।
पुलिस के अनुसार किरण अपने पति स्वप्निल जयदेव लामघरे द्वारा झूठे नौकरी के वादे, आर्थिक तंगी और शादी के बाद मानसिक उत्पीड़न से जूझ रही थी। आरोपी अभी फरार है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
घटना की जानकारी
मराठी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वप्निल ने किरण को वेकोली कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके बाद दोनों ने 2020 में रजिस्टर्ड शादी की। लेकिन शादी के बाद नौकरी के कोई आसार न दिखने पर किरण अपने माता-पिता के पास रहने लगी।
इस दौरान स्वप्निल ने लगातार नौकरी को लेकर धमकियां, गाली-गलौज और मारपीट की, जिससे किरण की मानसिक परेशानियां बढ़ गई।
परिवार और कोर्ट की कार्रवाई
किरण के परिवार ने पारिवारिक न्यायालय में तलाक की याचिका दायर की थी, लेकिन उसके परेशानियां कम नहीं हुईं। इसके बाद 4 दिसंबर को किरण ने कीटनाशक खा लिया और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने कुछ दिन बाद दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि किरण ने धमकी और अपमानजनक संदेश अपने मोबाइल में सुरक्षित रखे थे। इन सबूतों के आधार पर स्वप्निल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

