नामीबिया ने एक बार फिर दक्षिण अफ्रीका को टी20 क्रिकेट में शिकस्त देकर बड़ा उलटफेर किया है। शुक्रवार को नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए नामीबिया टी20आई ट्राई-सीरीज 2026 के पहले मुकाबले में मेजबान टीम ने दक्षिण अफ्रीका को 18 रन से हरा दिया। पिछले 10 महीनों में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नामीबिया की यह दूसरी जीत है।
नामीबिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 163 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 145 रन ही बना सकी और मुकाबला 18 रन से गंवा दिया।
फ्राइलिंक और स्टीनकैंप ने दी शानदार शुरुआत
टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी नामीबिया को जान फ्राइलिंक और लॉरेन स्टीनकैंप ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 84 रन की साझेदारी की। फ्राइलिंक ने 38 गेंदों पर 60 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं, स्टीनकैंप ने 29 गेंदों पर 41 रन बनाए।
नामीबिया की टीम 15वें ओवर तक 133 रन बना चुकी थी और बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही थी। हालांकि, इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की। आखिरी 5 ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने सिर्फ 30 रन दिए और नामीबिया के 6 विकेट झटक लिए। प्रेनेलन सुब्रायेन ने 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान ब्योर्न फोर्टुइन को 2 विकेट मिले।
ब्रेविस ने अकेले संभाला मोर्चा
164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के विकेट लगातार गिरते रहे और डेवाल्ड ब्रेविस पर पूरा दबाव आ गया। ब्रेविस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों पर 75 रन बनाए। उनकी पारी में 5 छक्के शामिल रहे। उन्होंने बड़े शॉट लगाकर दक्षिण अफ्रीका की जीत की उम्मीदों को बनाए रखा।
हालांकि, 18वें ओवर में ब्रेविस के आउट होते ही दक्षिण अफ्रीका की जीत की उम्मीद लगभग खत्म हो गई। डुआने जानसेन ने 17 गेंदों पर 25 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन नामीबिया के गेंदबाजों ने आखिरी ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 145 रन पर रोक दिया।

