30 अगस्त को सुबह 9 बजे से शुरू होगा एग्जाम, एडमिट कार्ड और ओरिजिनल फोटो आईडी रखना जरूरी; मोबाइल, घड़ी और ज्वेलरी समेत कई चीजों पर रोक
NEET PG 2026 में शामिल होने वाले मेडिकल उम्मीदवारों के लिए परीक्षा का इंतजार अब खत्म होने वाला है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) 30 अगस्त 2026 को NEET PG 2026 की परीक्षा आयोजित करेगा। परीक्षा एक ही शिफ्ट में होगी। परीक्षा के जरिए उम्मीदवार देश के अलग-अलग मेडिकल कॉलेजों में पोस्टग्रेजुएट मेडिकल कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया में आगे बढ़ेंगे। परीक्षा से एक दिन पहले उम्मीदवारों के लिए एडमिट कार्ड, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार रखना बेहद जरूरी है।
सुबह 9 बजे शुरू होगी परीक्षा
NEET PG 2026 की परीक्षा 30 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र पर उम्मीदवारों की एंट्री और रजिस्ट्रेशन सुबह 7 बजे से शुरू होगा। सुबह 8:30 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक और रास्ते में होने वाली संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से काफी पहले पहुंचें। सुबह 8:45 बजे उम्मीदवार कंप्यूटर सिस्टम में लॉगिन कर सकेंगे। इसके बाद 8:50 बजे परीक्षा से जुड़े जरूरी निर्देशों की विंडो खुलेगी।
NEET PG 2026 का रिजल्ट 30 सितंबर 2026 को जारी किया जाना प्रस्तावित है।
ये दस्तावेज साथ ले जाना जरूरी
परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को NEET PG 2026 का एडमिट कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य है। इसके अलावा वैध और ओरिजिनल फोटो पहचान पत्र भी परीक्षा केंद्र पर दिखाना होगा।
उम्मीदवारों को MCI या संबंधित स्टेट मेडिकल काउंसिल का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी साथ रखना होगा। विदेशी उम्मीदवारों को पासपोर्ट और अपने देश में मेडिकल प्रैक्टिस करने का प्रमाण रखना होगा। परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था रहेगी।
इन चीजों को सेंटर पर ले जाने की मनाही
उम्मीदवार परीक्षा केंद्र पर पेन, पेपर, राइटिंग पैड, रबर, पेन ड्राइव, मोबाइल फोन, टैबलेट, कैलकुलेटर, घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान लेकर न जाएं। ज्वेलरी, वॉलेट, बेल्ट और गॉगल्स समेत कई अन्य वस्तुएं भी प्रतिबंधित हैं।
परीक्षा केंद्र के अंदर खाने-पीने की किसी भी सामग्री को ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड में दिए गए निर्देशों को ध्यान से पढ़ लें।
ड्रेस कोड का भी रखें ध्यान
उम्मीदवारों को परीक्षा के दिन सादे और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। पुरुष उम्मीदवार हल्की आधी बांह की शर्ट या टी-शर्ट पहन सकते हैं और भारी सोल वाले जूते पहनने से बचें।
महिला उम्मीदवार भारी कढ़ाई वाले कपड़े, पूरी बांह के कपड़े और प्रिंटेड जींस से बचें। बालियां, नेकलेस, ब्रेसलेट, नोज पिन और अन्य ज्वेलरी पहनकर परीक्षा केंद्र पर जाने से बचना चाहिए।
परीक्षा से पहले इन बातों का रखें ध्यान
उम्मीदवार परीक्षा केंद्र का पता और वहां पहुंचने का रास्ता पहले से जांच लें। एडमिट कार्ड और पहचान पत्र जैसी जरूरी चीजें रात में ही तैयार कर लें। परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने से अंतिम समय की भागदौड़ और प्रवेश में होने वाली परेशानी से बचा जा सकता है।

