Nepal Flash Flood: दिल्ली-काठमांडू मैत्री बस सेवा 2 दिन के लिए बंद, सड़क संपर्क बाधित

Thecity news
4 Min Read

नेपाल में भीषण फ्लैश फ्लड के बाद DTC का फैसला, 28 अगस्त की दिल्ली-काठमांडू और काठमांडू-दिल्ली बसें रद्द; 29 अगस्त की यात्रा भी स्थगित

नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड का असर अब भारत-नेपाल सड़क संपर्क पर भी दिखाई देने लगा है। दिल्ली सरकार ने एहतियाती कदम उठाते हुए भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा को दो दिनों के लिए अस्थायी रूप से रोक दिया है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) की ओर से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, 28 अगस्त 2026 को दिल्ली-काठमांडू और काठमांडू-दिल्ली के लिए निर्धारित बस यात्राएं रोक दी गई हैं। इसके अलावा 29 अगस्त को दिल्ली से काठमांडू जाने वाली नेपाली बस की यात्रा भी स्थगित कर दी गई है।

क्यों रोकी गई बस सेवा?

नेपाल में फ्लैश फ्लड के बाद बड़े पैमाने पर तबाही मची है। मरने वालों की संख्या 392 हो गई है, जबकि 290 भारतीय नागरिकों समेत सैकड़ों लापता लोगों की तलाश जारी है। दिल्ली-काठमांडू मार्ग पर राष्ट्रीय राजमार्ग में सड़क परिवहन भी फिलहाल पूरी तरह बाधित है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बस सेवा को अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया गया है।

यह अंतरराष्ट्रीय बस सेवा दिल्ली के डॉ। अंबेडकर स्टेडियम टर्मिनल, दिल्ली गेट से संचालित होती है। बस दिल्ली से सुबह करीब 10 बजे रवाना होकर उत्तर प्रदेश के रास्ते गोरखपुर के पास सोनौली सीमा चौकी से नेपाल में प्रवेश करती है। दिल्ली-काठमांडू-दिल्ली अंतरराष्ट्रीय बस सेवा की शुरुआत 2014 में हुई थी।

हालात की समीक्षा के बाद बहाल होगी सेवा

26 अगस्त को नेपाल के रसुवा इलाके में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड ने बड़े पैमाने पर जान-माल को नुकसान पहुंचाया है। बाढ़ और ग्लेशियर से जुड़े मलबे के प्रवाह ने सड़क, पुल और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को नुकसान पहुंचाया है, जिससे कई इलाकों में आवाजाही मुश्किल हो गई है।

बस सेवा को आगे कब बहाल किया जाएगा, इसका फैसला नेपाल में सड़क संपर्क बहाल होने और वहां के हालात की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सेवा को अस्थायी रूप से बंद रखा गया है।

भारत ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नेपाल में आई आपदा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बात की और हालात से निपटने के लिए हरसंभव मानवीय मदद का भरोसा दिया। भारत की ओर से बचाव दल भी रवाना किया गया है। नई दिल्ली ने नेपाल को राहत सामग्री की पहली खेप भी भेजी है।

काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों की मदद और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। भारतीय दूतावास के मुताबिक, लोग +977 985 131 6807 या +977 970 910 7500 पर संपर्क कर सकते हैं।

नेपाल के इमरजेंसी नंबर पर भी कर सकते हैं संपर्क

नेपाल पर्यटन बोर्ड ने भी मदद के लिए टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर 1234, हॉटलाइन 1144 और पर्यटक पुलिस का नंबर 9851289445 जारी किया है। वहीं, बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास ने 0086 185 1428 4905 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इस नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए भी संपर्क किया जा सकता है।

Share This Article