ओडिशा में भूस्खलन ने उजाड़ा पूरा परिवार, मलबे से मिले पति-पत्नी और 3 बच्चों के शव

Thecity news
3 Min Read

एक ही परिवार के पांचों सदस्यों की मौत के साथ एक सप्ताह से जारी तलाशी अभियान का दुखद अंत हुआ, हादसे में अब तक 7 लोगों की जान जा चुकी है।

ओडिशा के गंजाम जिले में भूस्खलन की एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। गिडिपाबाली गांव में गुरुवार को मलबे के नीचे दबे एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव बरामद किए गए। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। सभी पांच शव मिलने के बाद पिछले एक सप्ताह से जारी तलाशी अभियान का दुखद अंत हुआ।

मृतकों की हुई पहचान

इस प्राकृतिक आपदा में अब तक सात लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों की पहचान 27 वर्षीय भूमिका प्रधान, 25 वर्षीय विजय प्रधान, छह वर्षीय विजयलक्ष्मी प्रधान, सात वर्षीय अरुण प्रधान और एक वर्षीय जयलक्ष्मी प्रधान के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के सदस्य थे और गिडिपाबाली गांव के रहने वाले थे।

परिजनों ने शवों की पहचान करने के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

भूस्खलन में 9 घर हुए नष्ट

जानकारी के मुताबिक, 28 अक्टूबर की रात कंधमाल और गंजाम जिले की सीमा पर स्थित गंगाबाली पहाड़ी में भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ी से अचानक बड़ी मात्रा में मिट्टी और पत्थर नीचे आ गिरे, जिसकी चपेट में आकर गिडिपाबाली गांव के कम से कम नौ घर पूरी तरह नष्ट हो गए।

इस घटना के बाद कई लोग लापता हो गए थे। उनकी तलाश के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया था। पांच लोगों के शव मिलने से पहले दो अन्य शव भी बरामद किए जा चुके थे।

170 जवानों ने संभाला बचाव अभियान

लापता लोगों की तलाश के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स, अग्निशमन सेवा, जिला स्वयंसेवी बल और विशेष अभियान समूह की टीमें लगातार काम कर रही हैं। करीब 170 जवानों को बचाव कार्य में लगाया गया है।

लगातार बारिश के कारण बुधवार को कुछ समय के लिए तलाशी अभियान रोकना पड़ा था। शुक्रवार से एक बार फिर अभियान शुरू करने की तैयारी है। बचाव दल आने वाले दिनों में भी घटनास्थल पर मौजूद रहेगा। प्रशासन की कोशिश है कि मलबे में दबे अन्य संभावित लापता लोगों का भी पता लगाया जा सके।

इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Share This Article