ग्रेटर नोएडा की पाई ब्रांच में कथित गड़बड़ी का मामला, सीबीआई ने एफआईआर दर्ज कर बैंक खातों और पैसों के लेन-देन की जांच शुरू की।
ग्रेटर नोएडा में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के ग्राहकों के खातों से कथित तौर पर 10 करोड़ 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें बैंक की पाई ब्रांच में तैनात एक महिला ऑफिस असिस्टेंट और एक निजी व्यक्ति शामिल हैं।
सीबीआई के मुताबिक, आरोप है कि महिला कर्मचारी ने निजी व्यक्ति और अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर ग्राहकों के खातों से अनधिकृत लेन-देन किया और करीब 10.24 करोड़ रुपये निकाल लिए।
तीन साल तक दूसरे अधिकारियों की यूजर आईडी का इस्तेमाल करने का आरोप
प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला कर्मचारी पर आरोप है कि उसने पिछले तीन वर्षों के दौरान बैंक के अन्य अधिकारियों की कोर बैंकिंग सिस्टम (सीबीएस) यूजर आईडी का गलत इस्तेमाल किया। इसके जरिए ग्राहकों के बचत खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) से कथित तौर पर अनधिकृत निकासी की गई।
16 सितंबर 2026 को एक खाताधारक ने संदिग्ध डेबिट लेन-देन की शिकायत की थी। इसके बाद कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया। आरोप है कि ग्राहकों की रकम में हेरफेर और गबन की साजिश महिला कर्मचारी ने दूसरे बैंक में काम करने वाले अपने भाई के साथ मिलकर रची थी।
बैंक के बाहर ग्राहकों को रकम देने का दावा
पीड़ित खाताधारकों के मुताबिक, जिन लोगों के खातों से रकम निकाली गई, उनमें कई के पास महिला कर्मचारी के साथ उसके भाई का मोबाइल नंबर भी था।
खाताधारकों का आरोप है कि जब वे पैसे निकालने के लिए महिला कर्मचारी से संपर्क करते थे तो वह या उसका भाई बैंक के बाहर उनसे मिलते थे। दोनों कथित तौर पर उन्हें बहाने बनाकर टालते थे। पीड़ितों का यह भी दावा है कि निकासी के लिए बाउचर भरवाने के बजाय वे अपनी ओर से रकम देकर ग्राहकों को बैंक के बाहर से ही भेज देते थे।
पीड़ितों के मुताबिक, महिला कर्मचारी का भाई भी ग्रेटर नोएडा के एक बैंक में कार्यरत है।
सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर, पूरे नेटवर्क की जांच जारी
सीबीआई की एंटी करप्शन ब्रांच, गाजियाबाद ने 29 अक्टूबर 2026 को इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी। जांच एजेंसी ने निजी आरोपी की ट्रांजिट रिमांड भी पुणे की विशेष सीबीआई अदालत से हासिल की है।
फिलहाल सीबीआई कथित धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों, पूरे नेटवर्क और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- दीपांशी – ऑफिस असिस्टेंट/सब-स्टाफ, पीएनबी की पाई ब्रांच, ग्रेटर नोएडा।
- आशुतोष कुमार पाठक – निजी व्यक्ति।

