8 नवंबर को एक दिन में सबसे ज्यादा मामले सामने आए, संगरूर में 194 घटनाएं दर्ज हुईं; अब तक इस सीजन में कुल 4,459 मामले मिले हैं।
पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई। 8 नवंबर को राज्य में पराली जलाने के 1,152 मामले सामने आए, जो पिछले तीन वर्षों में इस तारीख का सबसे बड़ा आंकड़ा है। जिलेवार आंकड़ों में संगरूर सबसे आगे रहा, जबकि रूपनगर में सबसे कम एक मामला दर्ज किया गया।
पंजाब रिमोट सेंसिंग सेंटर (पीआरएससी) के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को पूरे राज्य में उपग्रह के जरिए पराली में आग लगने की 1,152 सक्रिय घटनाएं दर्ज की गईं। इससे एक दिन पहले, 7 नवंबर को केवल 163 मामले सामने आए थे। इसके साथ ही इस सीजन में अब तक पराली जलाने की कुल घटनाओं की संख्या बढ़कर 4,459 हो गई है।
पिछले तीन वर्षों में 8 नवंबर के आंकड़े
पीआरएससी के आंकड़ों के अनुसार, 8 नवंबर को पराली जलाने की घटनाओं में इस साल बड़ी बढ़ोतरी हुई है।
- 2024: 730 घटनाएं।
- 2025: 238 घटनाएं।
- 2026: 1,152 घटनाएं।
धान की कटाई के सीजन में पंजाब में पराली जलाने के मामलों में अक्सर तेजी देखी जाती है। राज्य सरकार की ओर से इन घटनाओं में कमी आने का दावा किया जाता रहा है, लेकिन इस बार 8 नवंबर के आंकड़े वायु प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ा रहे हैं।
यह आंकड़ा वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के निर्देशों पर पीआरएससी ने उपग्रह आधारित रिमोट सेंसिंग के जरिए निर्धारित मानक प्रोटोकॉल के तहत तैयार किया है।
62 लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना, 900 लोगों पर एफआईआर
पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने भी कार्यवाही की है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अब तक 62 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से करीब 33 लाख रुपये की वसूली हो चुकी है।
इसके अलावा, पुलिस ने करीब 900 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की हैं। वहीं, राजस्व रिकॉर्ड में 1,017 मामलों में रेड एंट्री यानी लाल निशान दर्ज किए गए हैं।

