रुद्रप्रयाग में सुरंग के दोनों छोर आपस में जुड़े, कठिन भूभाग में सुरक्षित निर्माण के लिए आधुनिक तकनीक और विशेष इंजीनियरिंग तरीकों का इस्तेमाल किया गया।
भारतीय रेलवे को ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट में बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में परियोजना के तहत 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग-14 की खुदाई पूरी कर ली गई है। इसके साथ ही सुरंग के दोनों छोर आपस में जुड़ गए हैं। इसमें सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर लंबे पोर्टल-1 और मारोड़ा की ओर से 1.79 किलोमीटर लंबे पोर्टल-2 की खुदाई शामिल है।
सुरक्षित खुदाई के लिए मल्टी-ड्रिफ्टिंग तकनीक का इस्तेमाल
पोर्टल-1 (T14P1) पर आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ढीली मिट्टी से होकर तीन ट्रैक वाली सुरंग के 110 मीटर लंबे हिस्से की खुदाई की गई। इस हिस्से के ऊपर 20 से 30 मीटर तक मिट्टी और चट्टान की परत मौजूद थी।
सुरक्षित निर्माण के लिए खुदाई से पहले विशेष इंतजाम किए गए। इस दौरान मल्टी-ड्रिफ्टिंग सहित आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। इस विधि में पूरी सुरंग को एक साथ खोदने के बजाय पहले कई छोटे क्षैतिज रास्ते बनाए जाते हैं। उन्हें सहारा देने के बाद आपस में जोड़कर सुरंग का पूरा आकार तैयार किया जाता है।
माइक्रोपाइल्स और ग्राउटिंग से सुरक्षित किया गया ढलान
पोर्टल-2 (T14P2) पर ढलान को स्थिर रखने के लिए 30 से 35 मीटर गहरे माइक्रोपाइल्स, 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग का इस्तेमाल किया गया। इन उपायों के बाद मार्च 2024 में सुरंग की मुख्य खुदाई का काम शुरू करना संभव हुआ।
इससे पहले मारोड़ा में भू-धंसाव की समस्या और जमीन तथा मकानों के अधिग्रहण से जुड़े मुद्दों का समाधान किया गया था।
वेंटिलेशन सिस्टम से सुरंग में हवा और तापमान का प्रबंधन
पोर्टल-2 पर करीब 100 मीटर तक यांत्रिक तरीके से खुदाई की गई। आसपास की बस्तियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दोनों पोर्टल के पास नियंत्रित विस्फोट केवल दिन के समय और निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार किए गए।
वहीं, पोर्टल-1 से 4.7 किलोमीटर लंबे खुदाई मार्ग में ताजी हवा की आपूर्ति और तापमान नियंत्रित रखने के लिए विशेष वेंटिलेशन सिस्टम लगाए गए।
पहाड़ी क्षेत्रों तक रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की योजना
सुरंग-14 की खुदाई पूरी होना ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल प्रोजेक्ट के निर्माण में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस परियोजना का उद्देश्य उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाना है।
परियोजना पूरी होने के बाद तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की यात्रा अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है। इसके साथ ही राज्य के महत्वपूर्ण स्थलों तक पहुंच आसान होगी और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिल सकती है।

