रेलवे बोर्ड ने JE, DMS और CMA के 4,098 पदों को दी मंजूरी, जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन; ALP CBT-2 और आइसोलेटेड कैटेगरी परीक्षा की तारीखें भी घोषित
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे इंजीनियरिंग अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे बोर्ड ने जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) और केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) के कुल 4,098 पदों पर भर्ती को मंजूरी दे दी है। इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2026 में शुरू होने की संभावना है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा, जिसके बाद योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
4,098 पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत सबसे अधिक रिक्तियां जूनियर इंजीनियर (JE) के विभिन्न पदों के लिए स्वीकृत की गई हैं। इनमें जेई (PWI), जेई (वर्क्स), कैरिज एंड वैगन, वर्कशॉप मैकेनिकल, ट्रैक मशीन, ब्रिज, TRS, TRD और डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) समेत कई तकनीकी पद शामिल हैं।
इसके अलावा केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) के पदों पर भी भर्ती की जाएगी। सभी पद सातवें वेतन आयोग के पे लेवल-6 के अंतर्गत होंगे, जिससे चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतन और अन्य सरकारी सुविधाएं मिलेंगी।
डिप्लोमा और BTech दोनों उम्मीदवार कर सकेंगे आवेदन
इस भर्ती के लिए डिप्लोमा और बीटेक (B.Tech) दोनों योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी आवेदन करने के पात्र होंगे। भर्ती के माध्यम से सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन (S&T) समेत कई तकनीकी विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी।
इसके अलावा डिजाइन एंड ड्रॉइंग, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, वर्कशॉप, डीजल शेड, जनरल सर्विस और अन्य शाखाओं में भी योग्य उम्मीदवारों को अवसर मिलेगा।
नोटिफिकेशन में मिलेगी पूरी जानकारी
रेलवे भर्ती बोर्ड जल्द जारी होने वाले आधिकारिक नोटिफिकेशन में शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आवेदन तिथि, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करेगा। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना के आधार पर ही आवेदन करें।
ALP CBT-2 परीक्षा 28 जुलाई को
रेलवे भर्ती बोर्ड ने असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) भर्ती की CBT-2 परीक्षा की संभावित तारीख 28 जुलाई घोषित की है। परीक्षा से लगभग 10 दिन पहले अभ्यर्थी अपनी एग्जाम सिटी और परीक्षा तिथि की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवार इसी दौरान ट्रैवल अथॉरिटी भी डाउनलोड कर सकेंगे, जबकि ई-कॉल लेटर परीक्षा से लगभग चार दिन पहले जारी किए जाएंगे।
आधार और फोटो आईडी रहेगा अनिवार्य
आरआरबी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र पर वही मूल फोटो पहचान पत्र साथ लाना होगा, जिसकी जानकारी आवेदन के समय दी गई थी। इसके साथ आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन भी अनिवार्य रहेगा। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आधार सत्यापन नहीं कराया है, उन्हें परीक्षा से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
14 और 15 जुलाई को होगी आइसोलेटेड कैटेगरी परीक्षा
रेलवे भर्ती बोर्ड ने आइसोलेटेड कैटेगरी के पदों के लिए 14 और 15 जुलाई को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित करने का कार्यक्रम भी जारी किया है। परीक्षा से पहले एग्जाम सिटी, ट्रैवल अथॉरिटी और ई-कॉल लेटर निर्धारित समय पर जारी किए जाएंगे।

