आरआरबी ने आइसोलेटेड कैटेगरी भर्ती की सांकेतिक सूचना जारी की है। स्टेनोग्राफर, जूनियर ट्रांसलेटर समेत कई पदों पर मौका मिलेगा।
रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने आइसोलेटेड कैटेगरी के 195 पदों पर भर्ती की सांकेतिक सूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 5 नवंबर से शुरू होंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 4 दिसंबर तक आधिकारिक वेबसाइट www.rrbapply.gov.in या rrb.indianrailways.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
इस भर्ती के तहत स्टेनोग्राफर, चीफ लॉ असिस्टेंट, जूनियर ट्रांसलेटर, स्टाफ एवं वेलफेयर इंस्पेक्टर, प्रयोगशाला सहायक, सीएमए समेत अन्य तकनीकी और लिपिकीय पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन 4 नवंबर की रात तक जारी होने की संभावना है। इसमें पदों का आरक्षण, रेलवे जोन के अनुसार रिक्तियों की संख्या और विस्तृत सिलेबस की जानकारी मिलेगी।
आयु सीमा और वेतनमान
इस भर्ती के लिए आयु सीमा की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। सातवें वेतन आयोग के मुताबिक, इसमें लेवल-2 से लेवल-7 तक के पद शामिल होंगे।
आधार सत्यापन और दस्तावेजों से जुड़ी जरूरी सलाह
आरआरबी ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधार और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी सही रखने की सलाह दी है।
- आधार सत्यापन: ऑनलाइन आवेदन करते समय आधार के जरिए प्राथमिक विवरण सत्यापित करने की सलाह दी गई है। इससे भर्ती प्रक्रिया के दौरान असुविधा और देरी से बचा जा सकेगा।
- 10वीं के प्रमाणपत्र से मिलान: आधार में दर्ज नाम और जन्मतिथि का 10वीं कक्षा के पासिंग सर्टिफिकेट में दर्ज विवरण से पूरी तरह मेल होना चाहिए। जरूरत पड़ने पर आवेदन से पहले आधार में सुधार करा लें।
- फोटो और बायोमेट्रिक्स: आवेदन से पहले आधार में नवीनतम फोटो और बायोमेट्रिक्स यानी फिंगरप्रिंट तथा आइरिस अपडेट करा लें।
यह सांकेतिक सूचना अभ्यर्थियों को भर्ती के बारे में पहले से जानकारी देने और जरूरी दस्तावेज तैयार रखने के उद्देश्य से जारी की गई है।
पिछले साल 312 पदों पर निकली थी भर्ती
पिछले साल आरआरबी ने आइसोलेटेड कैटेगरी भर्ती 2025 के तहत 312 पदों पर रिक्तियां निकाली थीं। इस भर्ती में 12वीं पास से लेकर मास्टर्स डिग्री धारक अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिला था।
उस भर्ती में चीफ लॉ असिस्टेंट, पब्लिक प्रॉसिक्यूटर, जूनियर ट्रांसलेटर (हिंदी), सीनियर पब्लिसिटी इंस्पेक्टर, स्टाफ एंड वेलफेयर इंस्पेक्टर, साइंटिफिक असिस्टेंट (ट्रेनिंग), लैब असिस्टेंट ग्रेड-3 और साइंटिफिक सुपरवाइजर जैसे पद शामिल थे।
इसके बाद ग्रुप डी के 30 हजार पदों पर भर्ती की तैयारी
रेलवे में ग्रुप डी भर्ती 2026 का शॉर्ट नोटिस छठ के आसपास जारी किए जाने की संभावना है। इस भर्ती के तहत करीब 30 हजार पदों पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं।
रेलवे भर्ती बोर्ड का लक्ष्य नवंबर से दिसंबर के बीच ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पूरी करने का है। इसके लिए सभी जोनल रेलवे और उत्पादन इकाइयों से रिक्त पदों का ब्योरा मांगा गया है। आंकड़ों की समीक्षा के बाद पदों की अंतिम संख्या तय की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया दिसंबर से पहले शुरू करने की तैयारी है, ताकि रेलवे का वार्षिक भर्ती कैलेंडर प्रभावित न हो।
ग्रुप डी में इन पदों पर होगी भर्ती
प्रस्तावित ग्रुप डी भर्ती में ट्रैक मेंटेनर-4, पॉइंट्समैन-बी, असिस्टेंट सिग्नल एंड टेलीकॉम (एसएंडटी), असिस्टेंट कैरिज एंड वैगन, असिस्टेंट लोको शेड (डीजल और इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट पी-वे, असिस्टेंट ट्रैक मशीन और असिस्टेंट ब्रिज सहित अन्य पद शामिल हैं।

