‘रामायण’ में सीता बनने के बाद अब अभिनेत्री आईपीएस अधिकारी की भूमिका में दिखेंगी, किरदार की मांग पर बदला अपना हेयरस्टाइल।
साई पल्लवी जल्द ही फिल्म ‘ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ में बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगी। फिल्म में वह आईपीएस अधिकारी नित्या रेड्डी का किरदार निभा रही हैं, जिसे लाल चंदन की अवैध तस्करी की जांच की जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
इस भूमिका के लिए साई पल्लवी ने अपने बाल छोटे करवाए हैं। अभिनेत्री ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि उनका नया लुक देखकर माता-पिता भी हैरान रह गए थे।
मां ने वीडियो कॉल काटी, पिता ने विग पहनने का पूछा सवाल
‘बिहाइंडवुड्स टीवी’ के साथ बातचीत में साई पल्लवी ने बताया कि कहानी सुनने के बाद उन्हें अपना किरदार बेहद पसंद आया। उन्होंने खुद को भूमिका के मुताबिक ढालने का फैसला किया और इसके लिए बाल कटवाने को भी तैयार हो गईं।
अभिनेत्री ने बताया कि नया हेयरस्टाइल अपनाने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल पर अपनी मां को लुक दिखाया। मां यह देखकर हैरान रह गईं और उनसे कई सवाल पूछने लगीं। इसके बाद उन्होंने कॉल काट दी।
कुछ देर बाद पिता का फोन आया। उन्होंने पूछा कि क्या साई ने विग पहनी है। अभिनेत्री ने उन्हें समझाया कि यह बदलाव फिल्म में उनके किरदार की जरूरत थी। उनके माता-पिता को नए हेयरस्टाइल के साथ सहज होने में समय लगा।
निर्देशक ने बताया किरदार के लिए जरूरी था बदलाव
फिल्म के निर्देशक राजकुमार पेरियासामी ने भी साई पल्लवी के इस फैसले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि किरदार के लिए यह लुक बिल्कुल सही था। फिल्म में कई बार कहानी और भूमिका की जरूरत के अनुसार कलाकारों को बदलाव करने पड़ते हैं। साई ने भी कहानी के प्रति अपने लगाव के चलते बाल कटवाने का फैसला किया।
साई पल्लवी ने बताया कि उन्हें निर्देशक पर भरोसा था और स्क्रिप्ट के मुताबिक यह हेयरस्टाइल जरूरी था। शूटिंग के दौरान उन्होंने अपने बालों को स्कार्फ से ढककर रखा, ताकि फिल्म रिलीज होने से पहले उनका नया लुक सामने न आए।
साई इससे पहले राजकुमार पेरियासामी की फिल्म ‘अमरन’ में काम कर चुकी हैं। यह फिल्म बड़ी हिट रही थी और इसके लिए निर्देशक को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।
धनुष, ममूटी और नसीरुद्दीन शाह भी फिल्म का हिस्सा
‘ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ में धनुष एक लकड़हारे की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि ममूटी भी अहम किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में श्रीलीला और संजय स्वरूप के साथ नसीरुद्दीन शाह भी शामिल हैं। इस फिल्म के जरिए नसीरुद्दीन शाह तमिल सिनेमा में डेब्यू कर रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन राजकुमार पेरियासामी ने किया है। धनुष अपने प्रोडक्शन बैनर वंडरबार फिल्म्स के तहत श्रद्धा अग्रवाल और अजमत जगमग के साथ इसका निर्माण कर रहे हैं।
20 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘ओम: चैप्टर 1 – उधिरम: द ब्लड वुड’ पहले 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली थी। अब यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

