KKR मालिक शाह रुख खान का बड़ा कदम, लॉस एंजेलिस में क्रिकेट को मिलेगा नया घर; नाइट राइडर्स बना दुनिया का पहला ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड
बॉलीवुड सुपरस्टार शाह रुख खान ने क्रिकेट की दुनिया में एक और बड़ा इतिहास रच दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की सफल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सह-मालिक शाह रुख खान ने अमेरिका के लॉस एंजेलिस में नाइट राइडर्स के नाम से एक इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम तैयार कराया है। इसके साथ ही नाइट राइडर्स ग्रुप दुनिया का पहला ऐसा ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन गया है, जिसके पास अपना अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम है।
सोशल मीडिया पर दी बड़ी जानकारी
शाह रुख खान ने अपने आधिकारिक एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर स्टेडियम का वीडियो साझा करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि जो कभी एक सपना था, वह अब हकीकत बन चुका है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के दूसरे सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट को लॉस एंजेलिस तक लाना पूरे नाइट राइडर्स परिवार के लिए गर्व का पल है।
सिर्फ स्टेडियम नहीं, बनेगा क्रिकेट और मनोरंजन का केंद्र
शाह रुख खान ने बताया कि फेयरप्लेक्स और नाइट राइडर्स के बीच हुई दीर्घकालिक साझेदारी केवल एक क्रिकेट स्टेडियम बनाने तक सीमित नहीं है। इस परियोजना का उद्देश्य ऐसा आधुनिक परिसर विकसित करना है, जहां खेल के साथ-साथ मनोरंजन, परिवारों के लिए गतिविधियां और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा सकें।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह स्टेडियम भविष्य में लॉस एंजेलिस में क्रिकेट का नया केंद्र बनेगा और आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों व क्रिकेट प्रेमियों को प्रेरित करेगा।
जय शाह का जताया आभार
इस मौके पर शाह रुख खान ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
दुनिया का सबसे सफल ग्लोबल T20 ब्रांड बना नाइट राइडर्स
नाइट राइडर्स ग्रुप आज दुनिया के सबसे बड़े टी20 क्रिकेट ब्रांड्स में शामिल है। इस ग्रुप के नाम अब तक 9 खिताब दर्ज हैं और इसके तहत चार प्रमुख फ्रेंचाइजी खेलती हैं—
- कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) – इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)
- ट्रिनबागो नाइट राइडर्स (TKR) – कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL)
- अबू धाबी नाइट राइडर्स (ADKR) – इंटरनेशनल लीग T20 (ILT20)
- लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स (LAKR) – मेजर लीग क्रिकेट (MLC)
लॉस एंजेलिस में अपना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनने के बाद नाइट राइडर्स ग्रुप ने वैश्विक क्रिकेट विस्तार की दिशा में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

