शेयर बाजार में खुलते ही बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 426 अंक टूटा; रियल्टी-ऑटो शेयरों में बिकवाली

Thecity news
3 Min Read

खुदरा महंगाई दर 6.09% पहुंचने से निवेशकों की चिंता बढ़ी। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी कमजोरी, फार्मा सेक्टर में रही खरीदारी।

भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 426 अंक से अधिक टूट गया, जबकि एनएसई निफ्टी 25,140 के करीब पहुंच गया। बाजार में बिकवाली का दबाव बड़ी कंपनियों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी देखने को मिला।

सुबह 9:17 बजे सेंसेक्स 426 अंक यानी 0.50 प्रतिशत गिरकर 81,484 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 50 में 162 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की गिरावट रही और यह 25,139 के स्तर पर पहुंच गया।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी कमजोरी

बाजार की गिरावट का असर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर भी पड़ा। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 445 अंक यानी 0.72 प्रतिशत गिरकर 61,593 पर आ गया। वहीं, निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 96 अंक यानी 0.49 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 19,610 पर कारोबार करता दिखा।

रियल्टी और ऑटो सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में

सेक्टर के स्तर पर निफ्टी रियल्टी और निफ्टी ऑटो में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। इनके अलावा फाइनेंशियल सर्विसेज, प्राइवेट बैंक, डिफेंस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस और पीएसयू बैंक समेत कई सेक्टोरल इंडेक्स भी लाल निशान में रहे।

हालांकि, बाजार की कमजोरी के बीच निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर में मजबूती देखने को मिली। सेंसेक्स के शेयरों में सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, एचयूएल और टाइटन में खरीदारी रही। दूसरी ओर एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक और टीसीएस में गिरावट दर्ज की गई।

खुदरा महंगाई बढ़ने से निवेशकों की चिंता

बाजार में गिरावट की एक बड़ी वजह खुदरा महंगाई दर में बढ़ोतरी को माना जा रहा है। गुरुवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, देश की खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत हो गई है। यह भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के 2 से 6 प्रतिशत के निर्धारित दायरे से ऊपर है।

महंगाई बढ़ने से निवेशकों की चिंता बढ़ी है। इसके ऊंचे स्तर पर बने रहने से ब्याज दरों में कटौती की संभावना प्रभावित हो सकती है। इसी आशंका के चलते बाजार में सतर्कता और बिकवाली का दबाव देखने को मिला।

वैश्विक बाजारों में मिला-जुला रुख

एशियाई बाजारों में टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक और जकार्ता में तेजी रही, जबकि हांगकांग का बाजार गिरावट में कारोबार कर रहा था। इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी बाजार भी कमजोरी के साथ बंद हुए थे। डाओ जोन्स में 0.36 प्रतिशत और नैस्डैक में 0.39 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

Share This Article