हिंगलगंज में जवानों के साथ त्योहार मनाया और 2027 से ‘सीमा मित्र’ पुरस्कार शुरू करने की घोषणा की।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद अपनी पहली दिवाली सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के साथ मनाई। रविवार को वह उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज स्थित चौक में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के कैंप पहुंचे और जवानों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उनकी सरकार 2027 से ‘सीमा मित्र’ पुरस्कार शुरू करेगी। इसके तहत देश की सीमाओं की सुरक्षा में असाधारण योगदान देने वाले बीएसएफ, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और राज्य पुलिस के जवानों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने हिंगलगंज पुलिस स्टेशन में काली पूजा समारोह का उद्घाटन भी किया।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दिवाली के मौके पर छत्तीसगढ़ के बस्तर में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के साथ त्योहार मनाया था।
‘पश्चिम बंगाल में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं’
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सीमा सुरक्षा के लिए बीएसएफ और पश्चिम बंगाल पुलिस के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है और सीमा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाया जाएगा।
अधिकारी ने बताया कि उन्होंने खुद सीमा पर आखिरी फ्लोटिंग आउटपोस्ट का निरीक्षण किया और दूरबीन की मदद से इलाके का जायजा लिया। उन्होंने दावा किया कि बांग्लादेश की ओर से घुसपैठ की कोशिशों पर नजर रखी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बीएसएफ और पुलिस ने मिलकर अब तक कई लाख घुसपैठियों को बाहर निकाला है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सीमा से लगे 15 किलोमीटर के दायरे में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध घुसपैठियों की पहचान की जाएगी।
पिछली सरकार के व्यवहार के लिए जवानों से मांगी माफी
मुख्यमंत्री ने बीएसएफ और सीआरपीएफ के जवानों के प्रति पिछली राज्य सरकार की कथित अपमानजनक टिप्पणियों और व्यवहार के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में वह पिछली सरकार की ओर से सुरक्षा बलों के साथ किए गए व्यवहार के लिए खेद जताते हैं।
अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि उसने भारत-बांग्लादेश सीमा के करीब 600 किलोमीटर हिस्से पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जरूरी जमीन उपलब्ध नहीं कराई थी।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने सत्ता संभालने के तुरंत बाद बीएसएफ को आवश्यक जमीन सौंप दी और सीमा पर बाड़ लगाने के लिए भविष्य में जितनी अतिरिक्त जमीन की जरूरत होगी, वह भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सीमा सुरक्षा मजबूत करने के लिए केंद्र के साथ काम करेगी सरकार
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य प्रशासन, बीएसएफ और एसएसबी के बीच बेहतर समन्वय है। उनकी सरकार सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।

