टॉम हॉलैंड की फिल्म ने 11वें दिन बनाया बड़ा रिकॉर्ड, जेम्स कैमरून की ‘अवतार 2’ को पछाड़ा
हॉलीवुड इंडस्ट्री इंडिया में पिछले काफी समय से अपनी जगह बनाए हुए है। अभी तक कई फिल्में आईं और चली गईं, जिन्हें फैंस ने भरपूर प्यार दिया। मगर हाल ही में आई ‘स्पाइडर-मैन ब्रैंड न्यू डे’ एक ऐसी फिल्म है, जिसका क्रेज किसी भी विदेशी फिल्म से कई गुना ज्यादा दिखा।
स्पाइडर-मैन का तूफान
टॉम हॉलैंड वाली ‘स्पाइडर-मैन ब्रैंड न्यू डे’ ने इंडिया में जिस तरह से कमाई की है, उसकी आशंका किसी को नहीं थी। पहले ही वीकेंड फिल्म ने 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा आसानी से छू लिया था। फिर कामकाजी दिनों में कमाई थोड़ी गिरी जरूर, लेकिन वीकेंड आते-आते उसमें भी तगड़ा जंप देखने को मिला।
अपने दूसरे शनिवार को ‘स्पाइडर-मैन’ ने शानदार कमाई की। फिल्म ने 31 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया और इसकी कुल कमाई 380 करोड़ रुपये नेट तक पहुंच गई।
मगर असली इतिहास रविवार यानी 11वें दिन रचा गया। ‘स्पाइडर-मैन ब्रैंड न्यू डे’ भारत में वो इकलौती हॉलीवुड फिल्म बनी, जिसने सबसे ज्यादा 400 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार किया। इसके साथ ही यह सबसे तेज 400 करोड़ का आंकड़ा छूने वाली इकलौती हॉलीवुड फिल्म भी बन गई।
सैक्निल्क की रिपोर्ट के अनुसार, 11वें दिन फिल्म ने शाम होते-होते 30.4 करोड़ रुपये नेट कमा लिए थे, जिससे इसका कुल कलेक्शन 411.15 करोड़ रुपये नेट हो गया।
जेम्स कैमरून को पछाड़ा
‘स्पाइडर-मैन ब्रैंड न्यू डे’ से पहले जेम्स कैमरून की ‘अवतार 2’ ने भारत में सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड बनाया था। साल 2022 में आई उस फिल्म ने लाइफटाइम 390.6 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था।
इस आंकड़े को छूने में जेम्स कैमरून की फिल्म को कुछ महीने लगे थे। मगर ‘स्पाइडर-मैन ब्रैंड न्यू डे’ ने यह कमाल चंद दिनों में कर दिखाया है। टॉम हॉलैंड की फिल्म भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई है।
अनुमान के अनुसार, फिल्म का कलेक्शन अभी और ऊपर जा सकता है। ‘स्पाइडर-मैन ब्रैंड न्यू डे’ भारत में लाइफटाइम करीब 450 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर सकती है।
जिस रफ्तार से यह फिल्म आगे बढ़ रही है, फिलहाल यह आंकड़ा ज्यादा दूर नहीं लगता। हालांकि, कुछ ही दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर दो फिल्में- ‘बंटवारा 1947’ और ‘आवारापन 2’ रिलीज होने वाली हैं। अगर दोनों फिल्मों को अच्छा रिस्पॉन्स मिला तो ‘स्पाइडर-मैन’ की राह मुश्किल हो सकती है। वहीं, अगर इन फिल्मों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा तो टॉम हॉलैंड की फिल्म एक और बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।

