पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक में घुसी अर्टिगा; 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत, 3 गंभीर

Thecity news
3 Min Read

लखनऊ से देवरिया जा रही तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में 3 लोगों की मौत हुई, जबकि 3 घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

सुलतानपुर, 7 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना बल्दीराय थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 97.500 के पास हुई।

झपकी आने से हादसे की आशंका

जानकारी के मुताबिक, अर्टिगा में 6 लोग सवार थे और सभी लखनऊ से देवरिया की ओर जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब 5 बजे कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है। कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे होने की बात भी सामने आई है।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा के सुरक्षा कर्मी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव अभियान चलाकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।

घायलों को एंबुलेंस से कुमारगंज स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज दर्शननगर रेफर कर दिया गया।

3 की मौत, 3 गंभीर घायल

हादसे में देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) की मौत हो गई। वहीं घायलों की पहचान देवरिया के लार थाना क्षेत्र के लखौरा निवासी आनंद यादव (23), तैयर बुजुर्ग निवासी राजू यादव (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जमुनी निवासी जयंतो शर्मा (30) के रूप में हुई है।

तीनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल जयंतो शर्मा के मुताबिक, हादसे के समय सभी लोग कार में सो रहे थे। टक्कर के बाद उनकी नींद खुली तो कार ट्रक में घुसी हुई थी। राहगीरों ने दरवाजा तोड़कर घायलों को बाहर निकाला।

अज्ञात ट्रक की तलाश में पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने भी मामले की जानकारी ली है। पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article