भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव इन दिनों खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इस सीरीज से पहले सूर्यकुमार यादव ने अपनी पत्नी देविशा शेट्टी के साथ श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में पूजा अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद लिया।
मंदिर दर्शन और पूजा
वैकुंठ एकादशी के मौके पर सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी ने मंगलवार को मंदिर के दर्शन किए। दर्शन के बाद पुजारियों ने मंदिर के अंदर रंगनायकुलावरी मंडपम में उन्हें आशीर्वाद दिया। इसके साथ ही उन्होंने तीर्थ प्रसादम चढ़ाया और भगवान के वस्त्र अर्पित किए।
तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के अधिकारियों ने इस दौरान उनकी पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की। सूर्यकुमार यादव और उनकी पत्नी का मंदिर के कर्मचारियों और भक्तों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों इस अवसर पर पारंपरिक कपड़े पहने हुए थे।
न्यूजीलैंड सीरीज में खेलेंगे
टी20 विश्व कप 2026 से पहले भारतीय टीम को 3 वनडे और 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। भारतीय टीम की घोषणा हो चुकी है और सूर्यकुमार यादव टी20 कप्तान होंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की शुरुआत 21 जनवरी 2026 से होगी।
सूर्यकुमार यादव की फॉर्म चिंता का विषय
टी20 विश्व कप से पहले सूर्यकुमार यादव का फॉर्म भारतीय टीम के लिए चिंता का बड़ा विषय बना हुआ है। साल 2025 उनके लिए बेहद खराब रहा है। उन्होंने पिछले 23 टी20 मैचों में एक भी अर्धशतक नहीं लगाया है। टी20 विश्व कप में उनका फॉर्म में रहना टीम इंडिया के खिताब की रक्षा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
भारत वर्तमान में टी20 की मौजूदा चैंपियन है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने 2024 में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप जीता था। 2026 का विश्व कप भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।

