भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के गॉल में उतरते ही टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लिखने जा रही है। यह मुकाबला टीम इंडिया का 600वां टेस्ट मैच होगा। इसके साथ ही भारत टेस्ट क्रिकेट में 600 टेस्ट खेलने वाला एशिया का पहला और दुनिया का तीसरा देश बन जाएगा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पहले केवल इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ही 600 से अधिक टेस्ट मैच खेल चुके हैं। इंग्लैंड ने अब तक 1,097 और ऑस्ट्रेलिया ने 882 टेस्ट मैच खेले हैं।
94 साल के सफर में 600वें टेस्ट तक पहुंचा भारत
भारत ने अपना पहला टेस्ट मैच 1932 में खेला था, जिसकी कप्तानी सीके नायडू ने की थी। पिछले 94 वर्षों में भारतीय टेस्ट टीम ने कई सुनहरे दौर देखे और 38 अलग-अलग कप्तानों के नेतृत्व में मैदान पर उतरी।
इन कप्तानों में मंसूर अली खान पटौदी, कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, एमएस धोनी और विराट कोहली जैसे कई सफल नाम शामिल हैं। अब गॉल में होने वाले इस ऐतिहासिक मुकाबले में टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी।
599 टेस्ट में कैसा रहा भारत का प्रदर्शन?
भारत ने अब तक 599 टेस्ट मैच खेले हैं। इनमें से टीम ने 186 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि 188 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। शेष मुकाबले ड्रॉ या टाई रहे। भारत का टेस्ट जीत प्रतिशत लगभग 31.13 प्रतिशत रहा है।
शुभमन गिल की कप्तानी में अच्छा प्रदर्शन
शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया का प्रदर्शन अब तक सकारात्मक रहा है। उनकी कप्तानी में भारत ने 9 टेस्ट मैचों में से 5 में जीत हासिल की है, जबकि 3 मुकाबलों में हार मिली है।
इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ भारत का रिकॉर्ड भी मजबूत रहा है। टीम इंडिया पिछले 6 टेस्ट मैचों में श्रीलंका से एक भी मुकाबला नहीं हारी है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि गॉल में होने वाला 600वां टेस्ट भारत के लिए ऐतिहासिक जीत भी लेकर आए।

