सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की ‘द वन’ का टीजर रिलीज, रहस्यमयी जंगल में दिखा खौफ और रोमांच

Thecity news
3 Min Read

बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा और एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया की अपकमिंग सुपरनैचुरल हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘द वन’ लंबे समय से चर्चा में है। अब मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी कर दिया है, जिसने कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ तमन्ना भाटिया अहम भूमिका में नजर आएंगी।

करीब 1 मिनट 56 सेकंड के टीजर में रहस्य, डर और रोमांच के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा का एक्शन अवतार भी देखने को मिलता है। टीजर की शुरुआत एक डरावनी कहानी से होती है, जिसमें बताया जाता है कि एक रहस्यमयी जंगल पर किसी अनजानी काली शक्ति का पहरा है। मान्यता है कि जो भी व्यक्ति रात में उस जंगल में प्रवेश करता है, वह कभी वापस लौटकर नहीं आता। इसी रहस्य के बीच सिद्धार्थ मल्होत्रा का किरदार जंगल में पहुंच जाता है, जिसके बाद उसके साथ कई अजीब घटनाएं होने लगती हैं।

एक्शन अवतार में नजर आए सिद्धार्थ मल्होत्रा

टीजर में सिद्धार्थ मल्होत्रा का एक्शन पैक्ड अवतार देखने को मिलता है। डर और रहस्य से भरे माहौल के बीच वह कई खतरनाक परिस्थितियों का सामना करते नजर आते हैं। वहीं, तमन्ना भाटिया की भी झलक दिखाई गई है।

तमन्ना के किरदार को सिद्धार्थ मल्होत्रा से यह कहते हुए सुना जाता है कि शायद उस जंगल के साथ उनका कोई खास कनेक्शन है। टीजर के अंत में सिद्धार्थ का दमदार डायलॉग सुनाई देता है, “हमें चिंता नहीं उनकी, उन्हें चिंता हमारी है, हमारी रक्षक है वो, जिनकी शेर सवारी है।”

पहली बार साथ दिखेगी सिद्धार्थ-तमन्ना की जोड़ी

‘द वन’ में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण एकता कपूर की कंपनी बालाजी टेलीफिल्म्स और टीवीएफ ने मिलकर किया है।

पहले फिल्म की रिलीज 28 अगस्त को तय की गई थी, लेकिन यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ के साथ क्लैश से बचने के लिए रिलीज डेट बदल दी गई। अब ‘द वन’ 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

टीजर सामने आने के बाद दर्शकों के बीच फिल्म के ट्रेलर और कहानी के अगले खुलासे को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।

Share This Article