UP Police SI Exam 2026: उत्तर प्रदेश में सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती की लिखित परीक्षा आज शनिवार और रविवार को राज्यभर के 1090 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। इस परीक्षा में कुल 15,75,760 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राज्यभर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
लखनऊ में 54 केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा
राजधानी लखनऊ में परीक्षा दो पालियों में 54 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। यहां 88 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार
- पहली पाली: सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- दूसरी पाली: दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक
परीक्षा की निगरानी के लिए 74 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
अभ्यर्थियों को मिलेगा 5 मिनट का अतिरिक्त समय
भर्ती बोर्ड के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा में 5 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। यह समय आवश्यक निर्देश पढ़ने, उपस्थिति पत्रक भरने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के लिए दिया जाएगा।
इसके साथ ही अभ्यर्थियों को परीक्षा समय से दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य किया गया है।
32 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए राज्यभर में 32 हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
- 372 राजपत्रित अधिकारी
- 2,142 निरीक्षक
- 7,640 उप निरीक्षक
- 8,479 मुख्य आरक्षी
- 12,969 आरक्षी
इसके अलावा परीक्षा केंद्रों पर 16 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी की जा सके।
बायोमेट्रिक जांच और आधार सत्यापन के बाद ही प्रवेश
भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष डीजी एसबी शिरडकर के अनुसार सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक जांच और आधार सत्यापन से गुजरना होगा। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
लखनऊ में तीन एफआईआर दर्ज
परीक्षा से पहले सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की भ्रामक सूचना देकर धन उगाही के मामलों में लखनऊ की हुसैनगंज कोतवाली में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। भर्ती बोर्ड ने ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
टप्पल में सॉल्वर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
परीक्षा से पहले पुलिस ने टप्पल क्षेत्र में सॉल्वर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। टप्पल पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में जट्टारी क्षेत्र से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तारी के बाद एक आरोपी के परिजनों ने विरोध करते हुए हंगामा किया और पुलिस की जीप के सामने लेट गए। पुलिस किसी तरह आरोपियों को थाने ले गई। मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की गई है और जांच जारी है।

