यूपी पुलिस सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 14 मार्च और 15 मार्च को राज्य भर के 75 जिलों में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने एडमिट कार्ड के साथ परीक्षा से जुड़ी विस्तृत गाइडलाइंस भी जारी कर दी हैं।
इस परीक्षा के जरिए यूपी पुलिस में 4543 सब इंस्पेक्टर (उपनिरीक्षक) व समकक्ष पदों पर भर्ती की जाएगी। भर्ती के लिए 15,75,760 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जिनमें 11,66,386 पुरुष और 4,09,374 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।
दोनों दिन परीक्षा दो शिफ्ट में होगी—
- पहली शिफ्ट: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक
- दूसरी शिफ्ट: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
बोर्ड ने परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई जरूरी नियम लागू किए हैं।
ड्रेस कोड: जूते नहीं, चप्पल या सैंडल पहनकर आएं
भर्ती बोर्ड ने विशेष ड्रेस कोड जारी नहीं किया है, लेकिन अभ्यर्थियों को चप्पल या सैंडल पहनकर परीक्षा केंद्र आने की सलाह दी गई है। इसका उद्देश्य सुरक्षा जांच में समय बचाना है।
इसके अलावा अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में घड़ी, जूलरी, काला चश्मा या टोपी पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को अंगूठी, ब्रेसलेट, बाली या अन्य जूलरी पहले ही उतारकर आना होगा।
परीक्षा शुरू होने से 2 घंटे पहले पहुंचे
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड के साथ परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि समय पर जांच और प्रवेश प्रक्रिया पूरी हो सके।
एडमिट कार्ड के साथ लाना होगा ये दस्तावेज
उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर निम्न दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा—
- एडमिट कार्ड
- आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र (जैसे डीएल या पासपोर्ट)
- काला या नीला बॉल प्वाइंट पेन
30 मिनट पहले बंद हो जाएंगे गेट
परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले बंद कर दिए जाएंगे।
- सुबह की शिफ्ट के लिए 9:30 बजे गेट बंद होगा
- दोपहर की शिफ्ट के लिए 2:30 बजे गेट बंद होगा
इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इन अभ्यर्थियों को 2.5 घंटे पहले पहुंचना होगा
जिन उम्मीदवारों ने आवेदन के समय आधार नंबर से पंजीकरण नहीं कराया है या जिनके आधार में मिसमैच पाया गया है, उन्हें परीक्षा से ढाई घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा।
उन्हें अपडेटेड और अनलॉक्ड आधार कार्ड साथ लाना जरूरी होगा ताकि समय पर सत्यापन किया जा सके।
परीक्षा केंद्र पर ये चीजें पूरी तरह बैन
परीक्षा केंद्र में कई वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है, जिनमें शामिल हैं—
- मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस
- कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, स्कैनर, डिजिटल पेन
- कागज के टुकड़े, नोट्स, कॉपी
- पर्स, हैंडबैग, चाभी
- काला चश्मा, टोपी
- खाने-पीने का सामान, सिगरेट, लाइटर, माचिस, गुटखा
यदि किसी अभ्यर्थी के पास परीक्षा के दौरान प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रश्नपत्र से जुड़ी जानकारी शेयर करना अपराध
भर्ती बोर्ड ने परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए सख्त चेतावनी दी है। किसी भी व्यक्ति द्वारा प्रश्नपत्र या परीक्षा से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से साझा करना गंभीर अपराध माना जाएगा।
ऐसे मामलों में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2024 के तहत कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर जेल भी हो सकती है।

