UPPSC PCS 2025 Mains Result: मेन्स परीक्षा का रिजल्ट जारी, 2297 कैंडिडेट्स इंटरव्यू के लिए सफल

Thecity news
3 Min Read

UPPSC PCS 2025 मेन्स परीक्षा में 10,284 अभ्यर्थी हुए थे शामिल, अब 2297 उम्मीदवार इंटरव्यू में होंगे शामिल; 814 पदों पर होनी है भर्ती

उत्तर प्रदेश में प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा यानी पीसीएस 2025 मेन्स परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट है। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस 2025 मेन्स लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। लिखित परीक्षा में कुल 2297 अभ्यर्थी सफल हुए हैं, जिन्हें अब इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा। इंटरव्यू पूरा होने के बाद फाइनल मेरिट तैयार की जाएगी और इसके आधार पर अंतिम परिणाम जारी होगा।

10,284 अभ्यर्थियों ने दी थी मेन्स परीक्षा

यूपीपीएससी पीसीएस 2025 मेन्स लिखित परीक्षा का आयोजन 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक किया गया था। परीक्षा प्रयागराज और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इसमें कुल 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

अब इनमें से 2297 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में सफल घोषित किया गया है। ये उम्मीदवार अगले चरण यानी इंटरव्यू में शामिल होंगे।

814 पदों पर होगी भर्ती

यूपीपीएससी पीसीएस 2025 के जरिए कुल 814 पदों पर भर्ती की जानी है। विज्ञापन के अनुसार इस भर्ती में 28 प्रकार के पद शामिल हैं।

इनमें एक प्रकार के पद की दो रिक्तियों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है। इन पदों के लिए इंटरव्यू नहीं होगा। हालांकि, इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों का परिणाम बाकी पदों के फाइनल रिजल्ट के बाद जारी किया जाएगा।

फाइनल रिजल्ट के बाद जारी होगी कटऑफ

अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कटऑफ की जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। यूपीपीएससी सचिव गिरिजेश त्यागी के मुताबिक, परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कटऑफ और अन्य जानकारी इंटरव्यू के बाद फाइनल रिजल्ट जारी होने के उपरांत उपलब्ध कराई जाएगी।

इसलिए अभ्यर्थियों को अभी अपने अंकों और कटऑफ के लिए अंतिम परिणाम का इंतजार करना होगा।

कोर्ट के फैसले के अधीन रहेगा रिजल्ट

यूपीपीएससी ने पीसीएस 2025 मेन्स परीक्षा के परिणाम को लेकर एक महत्वपूर्ण बात भी स्पष्ट की है। आयोग के मुताबिक, यह परिणाम कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा

आयोग ने बताया है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में रिट याचिका संख्या 4253/2026 और अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य से संबंधित मामला लंबित है। पीसीएस 2025 मेन्स परीक्षा का परिणाम इन मामलों में आने वाले न्यायालय के निर्णय के अधीन रहेगा।

जल्द जारी हो सकता है इंटरव्यू का शेड्यूल

मेन्स परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद अब सफल अभ्यर्थियों को इंटरव्यू की तारीख का इंतजार है। आयोग की ओर से इंटरव्यू का विस्तृत शेड्यूल जल्द जारी किया जा सकता है।

इंटरव्यू पूरा होने के बाद फाइनल मेरिट तैयार होगी और फिर पीसीएस 2025 का अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा। नियुक्ति प्रक्रिया को दिसंबर से पहले पूरा किए जाने की संभावना जताई गई है।

Share This Article