यूपीएसएसएससी ने 12 विभागों में ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी और अमीन समेत कई पदों के लिए आवेदन मांगे हैं।
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती का मौका है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) ने संयुक्त अवर अधीनस्थ सेवा भर्ती 2026 के तहत 12 विभागों में कुल 1,784 पदों पर आवेदन मांगे हैं। इनमें ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी, संग्रह अमीन, स्टोर कीपर और समाज कल्याण पर्यवेक्षक सहित कई पद शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार 1 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के लिए प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी पीईटी-2025 पास होना अनिवार्य है।
12 विभागों में 1,784 पदों पर होगी भर्ती
आयोग की ओर से जारी भर्ती में पदों का विवरण इस प्रकार है।
- ग्राम विकास अधिकारी (समाज कल्याण): 525 पद
- ग्राम पंचायत अधिकारी: 508 पद
- वाणिज्य कर संग्रह अमीन: 235 पद
- भूमि अर्जन अमीन: 187 पद
- भंडार पाल एवं लिपिक: 118 पद
- सहकारी कृषि पर्यवेक्षक: 50 पद
- सारणीयक: 14 पद
- गृहमाता: 5 पद
- भंडार पाल एवं लिपिक (विशेष चयन): 2 पद
- फार्म लिपिक: 2 पद
- बिक्रीकर्ता: 1 पद
आवेदन की अंतिम तारीख और फीस
भर्ती के लिए आवेदन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर किया जा सकता है। आवेदन की अंतिम तारीख 1 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। फॉर्म में गलती होने पर उम्मीदवार 8 दिसंबर 2026 तक संशोधन कर सकेंगे।
सभी वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 25 रुपये रखा गया है। आयोग ने इस भर्ती का नोटिफिकेशन 16 अक्टूबर 2026 को जारी किया था।
PET-2025 पास होना जरूरी
मुख्य परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों का पीईटी-2025 पास होना अनिवार्य है। आयोग पीईटी-2025 के नॉर्मलाइज्ड स्कोर के आधार पर मेरिट तैयार करेगा। इसी मेरिट के जरिए मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।
जिन उम्मीदवारों ने पीईटी-2025 में हिस्सा नहीं लिया है, वे इस भर्ती के लिए पात्र नहीं होंगे।
किस पद के लिए क्या योग्यता?
अधिकांश पदों के लिए उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। हालांकि, कुछ पदों के लिए अतिरिक्त योग्यता और अनुभव भी मांगा गया है।
- वाणिज्य कर संग्रह अमीन और भूमि अर्जन अमीन के लिए इंटरमीडिएट पास होना जरूरी है। भूमि अर्जन अमीन पद पर लेखपाल प्रशिक्षण प्राप्त उम्मीदवारों को वरीयता मिलेगी।
- स्टोर कीपर, लिपिक और सारणीयक पदों के लिए भी इंटरमीडिएट की योग्यता निर्धारित है।
- गृहमाता पद के लिए इंटर पास महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं।
- समाज कल्याण पर्यवेक्षक, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारी के लिए इंटरमीडिएट के साथ एनआईईएलआईटी का सीसीसी कंप्यूटर प्रमाणपत्र जरूरी है।
- कारागार विभाग के प्रक्षेत्र लिपिक और बिक्रीकर्ता पदों के लिए इंटरमीडिएट पास होने के साथ संबंधित क्षेत्र में तीन साल का अनुभव और हिंदी का ज्ञान जरूरी है।
इन उम्मीदवारों को मिलेगी वरीयता
कुछ पदों पर विशेष योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रादेशिक सेना (टेरिटोरियल आर्मी) में दो साल की सेवा कर चुके उम्मीदवारों और एनसीसी का बी प्रमाणपत्र रखने वालों को नियमानुसार वरीयता मिलेगी।
ग्राम पंचायत अधिकारी के पद पर ग्रामीण पृष्ठभूमि के उम्मीदवारों को भी वरीयता दिए जाने का प्रावधान है।
दो घंटे की होगी मुख्य परीक्षा
मुख्य परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी और इसके लिए दो घंटे का समय दिया जाएगा। परीक्षा में गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग भी होगी।
पाठ्यक्रम में भारतीय इतिहास, संविधान, सामाजिक विकास, भूगोल, अर्थव्यवस्था, ग्रामीण विकास, समसामयिक घटनाओं और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
इसके अलावा पर्यावरण, डेटा इंटरप्रिटेशन और सामान्य हिंदी से 10-10 अंक के प्रश्न होंगे। कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से 15 अंक और उत्तर प्रदेश से संबंधित सामान्य जानकारी से 20 अंकों के सवाल पूछे जाएंगे।
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने से पहले आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत नोटिफिकेशन में पदवार योग्यता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जानकारी जरूर जांच लें।

