महिला एशिया कप जीतने के बाद भारत ने मोहसिन नकवी से नहीं ली ट्रॉफी, फिर गहराया विवाद

Thecity news
4 Min Read

फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से हराकर भारत ने रिकॉर्ड आठवीं बार खिताब जीता, लेकिन पुरस्कार समारोह में भारतीय टीम शामिल नहीं हुई और ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया

विमेंस एशिया कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय महिला टीम ने एसीसी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी नहीं ली। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए पुरस्कार समारोह में मैच अधिकारियों और श्रीलंकाई खिलाड़ियों को मेडल दिए जाने के बाद कार्यक्रम समाप्त हो गया। भारतीय टीम समारोह में शामिल नहीं हुई।

इसके साथ ही मोहसिन नकवी और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच ट्रॉफी को लेकर विवाद एक बार फिर सामने आ गया है। इससे पहले 2025 में भी भारतीय पुरुष टीम ने नकवी से एशिया कप की ट्रॉफी लेने से इनकार किया था। उस समय नाराज नकवी कथित तौर पर ट्रॉफी लेकर स्टेडियम से चले गए थे और भारतीय टीम को अब तक वह ट्रॉफी नहीं मिली है।

ट्रॉफी सेरेमनी से पहले बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया और उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने नंदिनी शर्मा को फील्डिंग मेडल दिया। सैकिया ने भारतीय खिलाड़ियों को संबोधित कर उन्हें खिताबी जीत की बधाई भी दी।

भारत ने श्रीलंका को 72 रन से हराया

रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए विमेंस एशिया कप 2026 के फाइनल में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने मौजूदा चैंपियन श्रीलंका को 72 रन से हराया। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड आठवीं बार विमेंस एशिया कप का खिताब अपने नाम किया।

भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के सामने 184 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को बड़ी जीत दिलाई।

स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने अर्धशतकीय पारियां खेलीं और दोनों के बीच 129 रन की रिकॉर्ड ओपनिंग साझेदारी हुई। गेंदबाजी में श्री चरणी ने चार विकेट और दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट चटकाए। क्रांति गौड़, शेफाली वर्मा और प्रेमा रावत को भी एक-एक सफलता मिली।

बिना मैच हारे फाइनल में पहुंची थीं दोनों टीमें

भारत और श्रीलंका दोनों ने अपने-अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए बिना कोई मैच गंवाए फाइनल में जगह बनाई थी। भारतीय टीम के अभियान में पाकिस्तान के खिलाफ मिली रिकॉर्ड जीत भी शामिल रही।

वहीं, चामरी अट्टापट्टू की कप्तानी वाली श्रीलंकाई टीम ने सेमीफाइनल में पाकिस्तान को कड़े मुकाबले में हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था।

एशिया कप में भारत का दबदबा कायम

श्रीलंका को हराने के साथ भारत ने महिला एशिया कप में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है। भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 32 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारतीय टीम ने 26 मैच जीते हैं।

भारत अब तक 10 बार महिला एशिया कप के फाइनल में पहुंचा है और इनमें से आठ बार खिताब जीत चुका है। इस रिकॉर्ड के साथ भारतीय महिला टीम टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बनी हुई है।

Share This Article