यश की ‘टॉक्सिक’ का ट्रेलर रिलीज, खतरनाक अवतार ने मचाया तहलका; 26 अगस्त को आएगी फिल्म

Thecity news
3 Min Read

एक्शन, सस्पेंस और दमदार डायलॉग्स से भरपूर ट्रेलर देख फैंस हुए उत्साहित, कियारा आडवाणी के किरदार की भी हो रही तारीफ

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार यश के फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। फिल्म ‘टॉक्सिक’ का धमाकेदार ट्रेलर सामने आते ही इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। ट्रेलर में यश का ऐसा रूप देखने को मिल रहा है, जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा था। खौफनाक एक्शन, सस्पेंस और जबरदस्त डायलॉग्स से भरपूर यह वीडियो लगातार चर्चा में है। सोशल मीडिया पर ट्रेलर देखने के बाद फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।

फिल्म के नए वीडियो में भरपूर एक्शन और वॉयलेंस देखने को मिला है। मेकर्स ने ट्रेलर की शुरुआत में ही दर्शकों को ईयरफोन इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म के साउंड और बैकग्राउंड म्यूजिक पर खास काम किया गया है। यश के एक डायलॉग ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा है, जिसमें वह अपने बेबाक अंदाज में नजर आ रहे हैं। फैंस इस किरदार को यश का अब तक का सबसे डार्क रूप बता रहे हैं।

फैंस ने यश को बताया भारतीय सिनेमा का असली बॉस

ट्रेलर सामने आते ही एक्स पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई है। फैंस लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसी ने फिल्म के विजुअल्स को हॉलीवुड स्तर का बताया, तो कोई इसे ब्लॉकबस्टर करार दे रहा है।

कई यूजर्स ने यश को भारतीय सिनेमा का असली सीईओ तक बता दिया है। लोगों का मानना है कि कहानी चाहे जैसी भी हो, फिल्म सिनेमाघरों में नए रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार है।

कियारा आडवाणी की भी हो रही तारीफ

फिल्म में कियारा आडवाणी की मौजूदगी को भी दर्शकों की ओर से खूब पसंद किया जा रहा है। उनकी एक्टिंग की झलक देखने के बाद कुछ फैंस उनके नेशनल अवॉर्ड तक की उम्मीद जता रहे हैं।

वहीं सोशल मीडिया पर यश की तुलना रणबीर कपूर से भी की जा रही है। इसकी एक वजह फिल्म में दिखाए गए हिंसक दृश्य हैं। इसके अलावा दोनों कलाकार जल्द ही पौराणिक विषय पर आधारित एक फिल्म में आमने-सामने नजर आने वाले हैं, जिसमें यश रावण और रणबीर भगवान राम की भूमिका में दिखाई देंगे।

26 अगस्त को सिनेमाघरों में आएगी ‘टॉक्सिक’

‘टॉक्सिक’ का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस के बैनर तले किया गया है। बड़े बजट और शानदार स्टारकास्ट की वजह से इसे साल की बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है।

फिल्म में तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। ट्रेलर रिलीज होने के बाद अब दर्शकों की नजरें 26 अगस्त पर टिकी हैं, जब ‘टॉक्सिक’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Share This Article