लखनऊ में योगी आदित्यनाथ ने निकाली तिरंगा यात्रा, बोले- तिरंगा हमारी आन, बान और शान

Thecity news
5 Min Read

मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई तिरंगा पदयात्रा, 25 से 30 हजार युवाओं के शामिल होने का दावा; काकोरी शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

देश में स्वतंत्रता दिवस के जश्न की शुरुआत हो गई है। इसी कड़ी में रविवार को देश के कई राज्यों में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता, भाजपा कार्यकर्ता, स्कूली छात्र, युवा और महिलाओं ने हिस्सा लिया।

तिरंगा पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा सिविल अस्पताल और अटल चौक होते हुए विधान भवन के सामने पहुंची। 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस भी है। ऐसे में तिरंगा यात्रा को शहीदों के सम्मान और स्वतंत्रता आंदोलन की स्मृति से जोड़ा गया। यात्रा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काकोरी शहीद स्मारक पहुंचे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय के नारे लगाए।

‘प्रधानमंत्री ने दिया घरों में झंडा फहराने का अधिकार’

जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह मौका बेहद खास है, क्योंकि कुछ ही दिनों में 15 अगस्त को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने का अधिकार दिया है। इससे झंडे के प्रति सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ के मंत्र को बढ़ावा मिला है।

योगी ने कहा कि झंडा संहिता में बदलाव किए गए, ताकि लोग अपने घरों पर तिरंगा फहरा सकें।

‘कांग्रेस के समय संघर्ष करना पड़ता था’

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के समय लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए संघर्ष करना पड़ता था और अदालत तक जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 140 करोड़ भारतीयों को यह आजादी दी, जिससे लोग गर्व, सम्मान और गौरव के प्रतीक तिरंगे को अपने घरों पर फहरा सकते हैं।

‘तिरंगा हमारी आन, बान और शान’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज से हर घर तिरंगा अभियान शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि देश का युवा सभी चुनौतियों का सामना करने में सक्षम है। 15 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। पूरे देश में वंदे मातरम की गूंज है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

‘युवाओं में हर चुनौती का सामना करने की क्षमता’

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवाओं में देश के सामने आने वाली हर चुनौती का सामना करने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और क्षमता को आगे बढ़ने के लिए सही मंच मिलना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ देश और समाज के सामने आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए भी खुद को तैयार करना चाहिए। इसी भावना के साथ भाजपा पूरे देश में तिरंगा यात्रा शुरू कर रही है। उन्होंने बताया कि राजधानी लखनऊ में इस यात्रा में 25 से 30 हजार युवाओं के शामिल होने का दावा किया गया है।

‘प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्र प्रथम की भावना रखते हैं’

योगी आदित्यनाथ ने सवाल उठाते हुए कहा कि 1947 के तुरंत बाद जो काम किया जाना चाहिए था और राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रगान तथा राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति जो सम्मान दिखाया जाना चाहिए था, उसे करने में 75 साल क्यों लग गए।

उन्होंने कहा कि इसकी वजह यह थी कि कुछ लोगों के लिए सत्ता सबसे ऊपर थी। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना रखते हैं।

9 से 15 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान

भाजपा का हर घर तिरंगा अभियान 9 अगस्त से 15 अगस्त तक चलेगा। 10, 11 और 12 अगस्त को प्रदेश के मंडलों में, जबकि 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों और अन्य स्थानों पर तिरंगा यात्राएं प्रस्तावित हैं।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत मौन जुलूस और संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 13 से 15 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों और कार्यालयों पर तिरंगा फहराने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

Share This Article