होर्मुज स्ट्रेट में संभावित रुकावट और ईरान-अमेरिका तनाव के बीच भारत की ऊर्जा सुरक्षा को सहारा, कुछ हफ्तों में पहुंच सकती है रूसी तेल की खेप
ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव और मिडिल ईस्ट में लगातार खराब होते हालात के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर आई है। तेल सप्लाई में संभावित रुकावट की आशंका के बीच रूस ने भारत को करीब 95 लाख बैरल कच्चा तेल भेजने की तैयारी जताई है।
रॉयटर्स के मुताबिक इंडस्ट्री से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि इस समय समुद्र में जहाजों पर लगभग 95 लाख बैरल रूसी कच्चा तेल लदा हुआ है, जो आने वाले कुछ हफ्तों में भारत पहुंच सकता है। इससे भारतीय रिफाइनरियों को संभावित सप्लाई संकट से तुरंत राहत मिलने की उम्मीद है।
सूत्र ने यह भी बताया कि गैर-रूसी फ्लीट का कार्गो मूल रूप से किस गंतव्य के लिए था, यह स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन संभावना है कि इन खेपों को भारत की ओर मोड़ा जा सकता है।
भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति के लिए तैयार: रूस
भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने गुरुवार को कहा कि रूस हमेशा भारत को कच्चे तेल की आपूर्ति के लिए तैयार रहा है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्ष के कारण वैश्विक बाजार में तेल और गैस की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
दरअसल, ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट को प्रभावी रूप से अवरुद्ध किए जाने की खबरों के बाद वैश्विक ऊर्जा बाजार में चिंता बढ़ गई है। फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित यह संकरा समुद्री मार्ग दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल और एलएनजी के परिवहन का प्रमुख रास्ता माना जाता है।
भारत करीब 88 फीसदी तेल आयात करता है
भारत अपनी कच्चे तेल की जरूरतों का लगभग 88 प्रतिशत आयात करता है, जबकि प्राकृतिक गैस की लगभग आधी जरूरत भी आयात से पूरी होती है। इनका बड़ा हिस्सा होर्मुज स्ट्रेट के जरिए आने वाले समुद्री मार्ग से होकर गुजरता है।
ऐसे में अगर पश्चिम एशिया में लंबे समय तक अस्थिरता बनी रहती है तो इसका असर भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर पड़ सकता है। इसलिए भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए विभिन्न देशों से तेल खरीदने और सप्लाई स्रोतों में विविधता लाने की रणनीति अपनाता रहा है।
28 फरवरी से मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव
मिडिल ईस्ट में हालात तब और बिगड़ गए जब अमेरिका ने 28 फरवरी को ईरान पर सैन्य हमला किया, जिसमें ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल और खाड़ी क्षेत्र में मौजूद कई अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन और सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी ठिकानों पर हमले किए। पिछले कुछ दिनों में दोनों पक्षों के बीच हमलों और जवाबी हमलों के कारण क्षेत्र में तनाव और ज्यादा बढ़ गया है।
रूस से तेल खरीद को लेकर अमेरिका का दावा
पिछले महीने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नयी दिल्ली के साथ एक व्यापार समझौते की घोषणा करते हुए दावा किया था कि भारत रूस से कच्चा तेल नहीं खरीदने पर सहमत हो गया है। इसके साथ ही अमेरिका ने भारत पर लगाया गया अतिरिक्त 25 प्रतिशत शुल्क भी वापस ले लिया था।
हालांकि भारत का रुख स्पष्ट है कि वह अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए अलग-अलग स्रोतों से तेल खरीदेगा और सप्लाई चेन को स्थिर बनाए रखने के लिए खरीद में विविधता रखेगा। सरकार का कहना है कि तेल खरीद में राष्ट्रीय हित ही सबसे अहम होगा।

