नई दिल्ली: मार्च के आखिरी दिनों में मौसम ने इस बार अलग ही रंग दिखाया है। आमतौर पर इस महीने में जहां तेज गर्मी शुरू हो जाती है, वहीं इस बार उत्तर भारत में ठंडी हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। मौसम में यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के कारण हो रहा है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को देश के 15 राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश और खराब मौसम की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार और झारखंड में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
मध्य प्रदेश में सोमवार को कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि आज छह जिलों में ओलावृष्टि की संभावना है। राजस्थान में भी मौसम का असर दिखा, जहां बारिश के चलते तापमान में करीब 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
पहाड़ी राज्यों में बिगड़े हालात
पहाड़ी इलाकों में भी मौसम का असर साफ देखा जा रहा है। जम्मू और कश्मीर में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित हो गया।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जबकि रोहतांग में बर्फबारी दर्ज की गई। इन क्षेत्रों में 4 अप्रैल तक पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी रहने की संभावना है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में भी बदला मौसम
महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी मौसम ने करवट ली है। इन राज्यों में बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
दिल्ली-NCR में गर्मी से राहत
नई दिल्ली समेत NCR में सोमवार को हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो गया। मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
इस दौरान 20-30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17-19 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

