मोदी की तारीफ पर कांग्रेस में घमासान, सैम पित्रोदा को पद से हटाने की उठी मांग

Thecity news
4 Min Read

प्रधानमंत्री को पुराना दोस्त और दयालु बताने वाले बयान पर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के नेताओं ने नाराजगी जताई, खरगे को पत्र भी लिखा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करना इंडियन ओवरसीज कांग्रेस (आईओसी) के अध्यक्ष सैम पित्रोदा के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। उनके बयान को लेकर पार्टी की विदेशी इकाई में विरोध शुरू हो गया है। आईओसी के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम और कनाडा में रहने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता देवांशु नारंग ने पित्रोदा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

देवांशु नारंग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर पित्रोदा के बयान को शर्मनाक बताया है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री की तारीफ से पार्टी के कई कार्यकर्ता हैरान और निराश हैं। उन्होंने आलाकमान से सैम पित्रोदा को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से तत्काल हटाने की मांग की है।

वहीं, आईओसी के उपाध्यक्ष जॉर्ज अब्राहम ने ईमेल के जरिए पित्रोदा के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को बेहद मिलनसार, दयालु और स्नेही व्यक्ति बताए जाने पर सवाल उठाए। अब्राहम का तर्क है कि प्रवासी भारतीयों के बीच मोदी की पहले से मजबूत पकड़ है। ऐसे में कांग्रेस की विदेशी इकाई के प्रमुख की ओर से उनकी खुलकर तारीफ किए जाने से लोगों के बीच व्यक्तिगत दोस्ती और राजनीतिक समर्थन का अंतर धुंधला हो सकता है।

मणिपुर हिंसा और अल्पसंख्यकों के मुद्दे उठाए

अपने ईमेल में अब्राहम ने कहा कि राजनीतिक शिष्टाचार अपनी जगह है, लेकिन सत्ता के इस्तेमाल और आम नागरिकों पर उसके प्रभाव को किसी नेता के व्यक्तिगत व्यवहार से अलग करके नहीं देखा जा सकता। उनके मुताबिक, इतिहास किसी नेता का मूल्यांकन इस आधार पर नहीं करता कि वह दोस्तों के साथ कैसा व्यवहार करता है, बल्कि इस आधार पर करता है कि समाज के कमजोर वर्गों के साथ उसका रवैया कैसा रहा है।

अब्राहम ने गुजरात दंगों और मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि हिंसा शुरू होने के दो साल से अधिक समय बाद प्रधानमंत्री ने मणिपुर का पहला दौरा किया। उन्होंने पूछा कि उस दौरान पीड़ितों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता कहां थी?

इसके अलावा उन्होंने धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ कथित बढ़ती कट्टरता और विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) के नियम सख्त किए जाने पर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि इससे ईसाई समुदाय के शैक्षणिक और धर्मार्थ संस्थानों के सामने मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।

दिवाली की शुभकामनाओं से शुरू हुआ विवाद

यह विवाद पिछले सप्ताह उस समय शुरू हुआ, जब सैम पित्रोदा ने प्रधानमंत्री मोदी को अपना पुराना दोस्त और बेहद प्यारा गुजराती मित्र बताया। इसके बाद दोनों के बीच दिवाली की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान हुआ। प्रधानमंत्री ने पित्रोदा को ‘सैम भाई’ कहकर संबोधित किया।

बाद में एक समाचार चैनल से बातचीत में पित्रोदा ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा कि किसी का व्यक्तिगत सम्मान करने और उसकी राजनीतिक विचारधारा का विरोध करने में कोई विरोधाभास नहीं है।

इस विवाद के बीच सैम पित्रोदा अमेरिका दौरे पर गए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ लगातार नजर आ रहे हैं। इससे पहले मई 2024 में भी विवादित बयान के बाद पित्रोदा को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। हालांकि, करीब एक महीने बाद उन्हें फिर से इस पद पर बहाल कर दिया गया था।

Share This Article