आर्थिक राजधानी मुंबई में साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और खतरनाक तरीका अपनाया है। इस बार उनके निशाने पर ‘महानगर गैस’ पाइपलाइन के उपभोक्ता हैं। पिछले 24 घंटों में करीब एक दर्जन लोगों से लगभग 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले सामने आए हैं, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है।
कैसे रचा जा रहा है ठगी का जाल
साइबर जालसाज उपभोक्ताओं को कॉल या मैसेज कर बताते हैं कि उनके गैस बिल में सिर्फ 10–12 रुपये बकाया हैं। इसके साथ ही वे चेतावनी देते हैं कि तुरंत भुगतान न करने पर गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा।
डर पैदा करने के लिए ठग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव और संभावित गैस संकट का हवाला देते हैं, जिससे लोग घबरा जाते हैं और जल्दबाजी में उनके जाल में फंस जाते हैं।
APK फाइल और OTP से पूरा अकाउंट खाली
ठग पीड़ित को एक APK फाइल भेजते हैं और उसे ‘पेमेंट अपडेट’ के नाम पर डाउनलोड करने को कहते हैं। जैसे ही यह ऐप इंस्टॉल होता है, मोबाइल फोन का एक्सेस अपराधियों के पास चला जाता है।
इसके बाद वे OTP हासिल कर बैंक खाते से पैसे निकाल लेते हैं। हाल के मामलों में कई लोगों ने लाखों रुपये गंवाए हैं।
पढ़े-लिखे और प्रोफेशनल लोग भी बन रहे शिकार
पुलिस के अनुसार इस फ्रॉड में उच्च शिक्षित और बड़े पदों पर कार्यरत लोग भी फंस रहे हैं। खासकर वे लोग जो ऑनलाइन पेमेंट के आदी हैं।
पाइपलाइन गैस उपभोक्ता ज्यादा टारगेट पर हैं, जबकि पारंपरिक सिलेंडर उपयोगकर्ता अपेक्षाकृत सुरक्षित हैं क्योंकि वे डिजिटल पेमेंट कम करते हैं।
कैसे बचें इस साइबर ठगी से
- किसी भी अनजान लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें
- केवल MGL Connect या आधिकारिक वेबसाइट से ही भुगतान करें
- किसी कॉल या मैसेज से डरकर तुरंत पेमेंट न करें
- OTP या बैंक डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें
ठगी होने पर क्या करें
अगर आप ऐसे किसी साइबर फ्रॉड का शिकार होते हैं, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

