मुंबई के दक्षिणी हिस्सों में रहने वाले लोगों को 16 और 17 अप्रैल को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) शिवडी में महत्वपूर्ण पाइपलाइन कार्य करने जा रहा है, जिसके चलते कई इलाकों में पानी की आपूर्ति बंद या कम दबाव से होगी।
शिवडी में लगेगा 1500 मिमी का बटरफ्लाई वाल्व
BMC द्वारा शिवडी स्थित टनल भंडारवाडा टेकडी जलाशय वाहिनी पर हाजीबंदर मार्ग (एफ दक्षिण विभाग) में दो 1500 मिलीमीटर व्यास वाले बटरफ्लाई वाल्व लगाए जाएंगे। यह कार्य भंडारवाडा टेकडी, फॉसबेरी टेकडी और गोलंजी टेकडी जलाशयों की जल आपूर्ति को बेहतर और व्यवस्थित करने के लिए किया जा रहा है।
18 घंटे चलेगा काम
यह मेंटेनेंस कार्य 16 अप्रैल 2026 (गुरुवार) को सुबह 10 बजे शुरू होगा और 17 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को सुबह 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान कुल 18 घंटे तक जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
इन इलाकों में पूरी तरह पानी बंद
मेंटेनेंस के दौरान ‘ए’, ‘बी’, ‘ई’ और ‘एफ दक्षिण’ विभागों के कई हिस्सों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी।
- ए विभाग: CSMT, रिजर्व बैंक, नौसेना डॉकयार्ड क्षेत्र
- बी विभाग: उमरखाडी, जेल रोड, वाडीबंदर, रेलवे और BPT क्षेत्र
- ई विभाग: माझगाव कोलीवाडा, डॉकयार्ड रोड, हाथीबाग, कालाचौकी, घोडपदेव सहित कई इलाके
- एफ दक्षिण विभाग: परशुराम नगर, जिजामाता नगर, राम टेकडी, शिवडी किल्ला मार्ग आदि
17 अप्रैल को इन इलाकों में कम दबाव से पानी
17 अप्रैल को कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति तो होगी, लेकिन कम दबाव के साथ:
- बी विभाग: इमामवाडा, मेमनवाडा
- ई विभाग: नेसबिट रोड, मदनपुरा, कामाठीपुरा, चिंचपोकली
- एफ दक्षिण विभाग: लालबाग, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर मार्ग, हिंदमाता, परेल के कुछ हिस्से
अस्पतालों में सप्लाई जारी रहेगी
राहत की बात यह है कि प्रमुख अस्पतालों—जेजे अस्पताल, कस्तुरबा अस्पताल, नायर अस्पताल, केईएम, टाटा, जेरबाई वाडिया और एमजीएम—में 24 घंटे पानी की आपूर्ति जारी रहेगी, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हों।
नागरिकों को पानी स्टोर करने की सलाह
BMC ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें और जरूरत के अनुसार उपयोग करें, ताकि असुविधा कम हो सके।

