916 मीटर लंबा आधुनिक पुल जल्द बदलेगा भायखला की ट्रैफिक व्यवस्था, एलईडी लाइटिंग और सेल्फी प्वाइंट होंगे खास आकर्षण
मुंबई में आधुनिक इंजीनियरिंग का नया प्रतीक बन रहा भायखला केबल-स्टेड ब्रिज अब अपने सबसे चुनौतीपूर्ण निर्माण चरण को सफलतापूर्वक पार कर चुका है। महारेल ने इस परियोजना में सभी 40 स्टे केबल्स की स्थापना पूरी कर ली है, जिससे 5000 टन स्टील से तैयार हो रहा यह विशाल ढांचा और अधिक मजबूत हो गया है। अब यह पुल मुंबई के आसमान में उभरते हुए एक नए शहरी लैंडमार्क के रूप में दिखाई देने लगा है।
916 मीटर लंबे और चार लेन वाले इस अत्याधुनिक पुल को केवल यातायात सुविधा के लिए नहीं, बल्कि मुंबई की आधुनिक पहचान के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह नया पुल पूर्व और पश्चिम भायखला के बीच तेज, सुरक्षित और निर्बाध संपर्क स्थापित करेगा।
पुराने सौ साल पुराने पुल के समानांतर बन रहा नया ब्रिज
भायखला का यह नया केबल-स्टेड ब्रिज मौजूदा करीब सौ वर्ष पुराने रोड ओवर ब्रिज के समानांतर बनाया जा रहा है, जिसकी आयु पूरी हो चुकी है। महारेल ने पहले नए पुल का निर्माण कर ट्रैफिक को प्रभावित होने से बचाने की रणनीति अपनाई है, ताकि ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।
नए पुल के चालू होने के बाद पुराने पुल का व्यापक सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। परियोजना की कुल लागत लगभग 287 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
50 मीटर ऊंचे पायलॉन और 173 मीटर लंबे स्पैन की खासियत
इस पुल की सबसे बड़ी विशेषता इसका 173 मीटर लंबा केबल-स्टेड स्पैन है, जिसे 15 से 65 मीटर लंबाई वाली 40 स्टे केबल्स का सहारा दिया गया है। पुल में उच्च-शक्ति वाले लगभग 5000 मीट्रिक टन संरचनात्मक कार्बन स्टील का उपयोग किया गया है।
इसके अलावा महारेल की पेटेंट प्राप्त बहुस्तरीय यूटिलिटी डक्ट प्रणाली को क्रैश बैरियर्स में एकीकृत किया गया है, जिससे भविष्य में सार्वजनिक उपयोगिताओं के प्रबंधन और रखरखाव में आसानी होगी।
एलईडी फेसाड लाइटिंग और सेल्फी प्वाइंट बनेंगे आकर्षण का केंद्र
भायखला केबल-स्टेड ब्रिज को आधुनिक शहरी डिजाइन के साथ तैयार किया जा रहा है। पुल पर रिमोट कंट्रोल सिग्नेचर एलईडी फेसाड लाइटिंग लगाई जाएगी, जो रात के समय इसकी खूबसूरती को और भव्य बनाएगी।
इसके साथ ही यहां विशेष सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए जा रहे हैं, जहां नागरिक मुंबई की स्काईलाइन के साथ इस अनूठे पुल की तस्वीरें ले सकेंगे।
रेलवे लाइनों और भीड़भाड़ वाले बाजार के ऊपर हुआ निर्माण
परियोजना का सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सा सक्रिय रेलवे लाइनों और भीड़भाड़ वाले भायखला सब्जी बाजार के ऊपर निर्माण कार्य करना रहा। इसके बावजूद इंजीनियरों और निर्माण टीम ने तकनीकी दक्षता के साथ कार्य को आगे बढ़ाया और महत्वपूर्ण चरण को समय पर पूरा किया।

