फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित होटल में तड़के करीब 2:45 बजे लगी आग, ज्यादातर लोग उस वक्त गहरी नींद में थे। संकरी गलियों और बंद बाहरी रास्ते के कारण कई लोग अंदर फंस गए।
बड़ी खबर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से है। तारापीठ होटल में हुई हालिया घटना के बाद अब मध्य कोलकाता के दिल कहे जाने वाले न्यू मार्केट इलाके से एक भीषण अग्निकांड का मामला सामने आया है। फ्री स्कूल स्ट्रीट स्थित एक होटल में आधी रात को अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड की चपेट में आने और धुएं से दम घुटने के कारण 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। न्यू मार्केट थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर तैनात रही। फायर ब्रिगेड सूत्रों के अनुसार, आग लगने की घटना तड़के करीब 2:45 बजे हुई। उस वक्त होटल में ठहरे ज्यादातर लोग गहरी नींद में सो रहे थे।
धुआं इतनी तेजी से फैला कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आधी रात का समय होने के कारण कमरों में मौजूद लोगों को खतरे का अहसास काफी देर से हुआ। पुलिस के मुताबिक, आग से ज्यादा कमरों और गलियारों में फैला जहरीला धुआं लोगों के लिए जानलेवा साबित हुआ।
फंसे रहे होटल के कर्मचारी और मेहमान
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, होटल में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा था। होटल के अंदर आग बुझाने के पर्याप्त और पुख्ता इंतजाम मौजूद नहीं थे। इसके अलावा होटल में संकरी गलियां और रास्ते थे, जिसकी वजह से आग लगते ही लोग तुरंत बाहर नहीं निकल सके।
सबसे खतरनाक स्थिति यह रही कि रात के वक्त होटल का मुख्य बाहरी रास्ता बंद था। बाहर निकलने का रास्ता ब्लॉक होने के कारण कई लोग धुएं के बीच अंदर फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
आग पर काबू, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया है और कूलिंग ऑपरेशन जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि होटल के पास वैध एनओसी थी या नहीं।
पुलिस होटल प्रबंधन की ओर से सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही बरते जाने की भी जांच कर रही है। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

