जन्माष्टमी की रात मंदिर जा रही 14 वर्षीय किशोरी को अगवा करने का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार

Thecity news
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में जन्माष्टमी की रात 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 4 सितंबर की रात किशोरी मंदिर जाने के लिए घर से निकली थी, तभी तीन युवकों ने उसे रास्ते से जबरन उठा लिया। इसके बाद उसे गांव में ही एक युवक के घर ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मंदिर जाते समय किशोरी को अगवा करने का आरोप

मामला छपार थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, जन्माष्टमी की रात किशोरी घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में गांव के रहने वाले समीर ने अपने दो साथियों वलीन और सलमान के साथ मिलकर उसे जबरन अगवा कर लिया।

किशोरी के काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में वह कथित तौर पर समीर के घर से बदहवास हालत में मिली। इसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी समीर को गिरफ्तार कर लिया और उसे जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

स्वामी यशवीर महाराज ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

मामले को लेकर योग साधना आश्रम के महंत स्वामी यशवीर महाराज ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया। उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

मामले की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

मंत्री ने अधिकारियों को मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article