सीवर में रेत से भरी बोरियां मिलने के बाद बीजेपी ने साजिश का आरोप लगाया था। अब सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि जलभराव और गंदगी को लेकर सवाल उठाने पर बीजेपी जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वालों को ही कटघरे में खड़ा कर देती है।
वाराणसी में सीवर की सफाई के दौरान रेत से भरी बोरियां मिलने और सीवर लाइन को कथित तौर पर चोक करने की कोशिश को लेकर बीजेपी की ओर से समाजवादी पार्टी पर लगाए गए साजिश के आरोपों पर सपा ने पलटवार किया है। समाजवादी पार्टी ने बीजेपी पर असली सवालों से बचने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब भी उससे कोई सवाल पूछा जाता है, वह सवाल पूछने वालों को ही कटघरे में खड़ा कर देती है।
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने कहा कि समाजवादी पार्टी वाराणसी की जल समस्या, जलभराव और गंदगी को लेकर लगातार सवाल उठा रही है। उन्होंने कहा कि अब इन समस्याओं पर जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वालों पर ही सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
‘नाच ना आवे आंगन टेढ़ा’
फखरुल हसन चांद ने कहा कि एक पुरानी कहावत है, ‘नाच ना आवे आंगन टेढ़ा’। उन्होंने कहा कि आज बीजेपी सरकार की स्थिति भी कुछ ऐसी ही नजर आती है।
सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि बीजेपी की यह पुरानी आदत बन गई है कि जब भी उससे कोई सवाल पूछा जाता है, वह सवाल पूछने वाले को ही कटघरे में खड़ा कर देती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर कोई पत्रकार स्कूलों की जर्जर स्थिति दिखा दे तो सवालों का जवाब देने के बजाय पत्रकार पर ही सवाल खड़े किए जाते हैं।
‘विपक्ष की लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभा रही सपा’
फखरुल हसन चांद ने कहा कि समाजवादी पार्टी विपक्ष के तौर पर अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारी निभा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी सवाल उठाती है तो उस पर ही सवाल खड़े कर दिए जाते हैं, ताकि सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच सके।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव नजदीक हैं और जिस दल ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई है, उसे जनता जवाब देगी।
क्या है वाराणसी का सीवर विवाद
वाराणसी में सीवर की सफाई के दौरान मुख्य सीवर लाइनों के अंदर रेत से भरी बोरियां मिलने के बाद नगर निगम ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। अधिकारियों के मुताबिक, कई वार्डों में सफाई के दौरान सीवर लाइनों के अंदर रेत से भरी बोरियों के अलावा लकड़ी का बुरादा, पत्थर, प्लाईवुड और प्लास्टिक का सामान भी मिला था।
शुक्रवार रात शिवाला इलाके की एक सीवर लाइन से करीब 12 बोरी रेत बरामद हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, सीवर में रुकावट के कारण आसपास की गलियों में सीवर का पानी ओवरफ्लो होने लगा था और जलभराव की स्थिति पैदा हो गई थी।
मेयर ने लगाया था साजिश का आरोप
शनिवार को वाराणसी के मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने पार्षदों और अधिकारियों के साथ शिवाला वार्ड में अग्रवाल रेडियो के पास मौके का निरीक्षण किया था।
मेयर अशोक तिवारी ने आरोप लगाया था कि सीवर को जानबूझकर ब्लॉक करना शहर की छवि खराब करने की साजिश का हिस्सा नजर आता है। उन्होंने दावा किया था कि जिस इलाके के सीवर में रेत की बोरियां मिलीं, उसी इलाके की तस्वीर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।
मेयर ने आरोप लगाया था कि सीवर में बोरियां डालकर शहर की व्यवस्था बिगाड़ने और काशी को बदनाम करने की कोशिश की गई। अब इसी मामले को लेकर समाजवादी पार्टी ने बीजेपी के आरोपों पर पलटवार किया है।

