19 नवंबर 1917 को प्रयागराज में जन्मीं इंदिरा गांधी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं, उन्होंने लगातार तीन बार और कुल चार बार इस पद की जिम्मेदारी संभाली।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्हें याद किया। उन्होंने लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि।”
1917 में प्रयागराज में हुआ था जन्म
इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को प्रयागराज में हुआ था। वह पंडित जवाहरलाल नेहरू और कमला नेहरू की बेटी थीं। उनके दादा मोतीलाल नेहरू ने उनका नाम इंदिरा रखा था, जबकि बाद में उनके पिता ने नाम के साथ प्रियदर्शिनी जोड़ दिया। इसी वजह से उन्हें इंदिरा प्रियदर्शिनी गांधी के नाम से भी जाना जाता है।
चार बार संभाली देश के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी
इंदिरा गांधी भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं। उन्होंने 1966 से 1977 तक लगातार तीन कार्यकालों में देश का नेतृत्व किया। इसके बाद 1980 में वह फिर प्रधानमंत्री बनीं और 31 अक्टूबर 1984 तक इस पद पर रहीं।
उनके कार्यकाल में कई बड़े फैसले लिए गए, लेकिन कुछ निर्णय विवादों में भी रहे। वर्ष 1975 में देश में आपातकाल लागू करना उनके राजनीतिक जीवन का सबसे विवादित अध्याय माना जाता है। इसके बाद 1977 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा और इंदिरा गांधी सत्ता से बाहर हो गईं।
31 अक्टूबर 1984 को हुई थी हत्या
31 अक्टूबर 1984 को नई दिल्ली में इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इससे पहले जून 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर में सैन्य कार्रवाई की गई थी। इस घटना के बाद देश की राजनीति और सामाजिक माहौल पर गहरा असर पड़ा।
हत्याकांड के दोषी के बेटे को टिकट देने से चर्चा में पंजाब की राजनीति
इंदिरा गांधी की हत्या से जुड़ा मामला एक बार फिर पंजाब की राजनीति में चर्चा का विषय बना है। वारिस पंजाब दे संगठन ने इंदिरा गांधी हत्याकांड में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह को पंजाब की बस्सी पठाना विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है।
केहर सिंह को इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश में दोषी ठहराया गया था और उन्हें फांसी दी गई थी। उनके बेटे को चुनाव मैदान में उतारने के संगठन के फैसले ने राज्य की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।

