गोरखपुर में रोड शो के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से आर्यवर्धन की जान गई, मामले में छह नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज हुआ।
गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान हुए हादसे ने सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। बुधवार को अखिलेश के स्वागत के लिए पहुंची जेसीबी की चपेट में आने से 14 साल के बच्चे आर्यवर्धन की मौत हो गई। मामले में छह नामजद समेत 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए हत्या का मुकदमा चलाने की मांग की है।
छह नामजद समेत 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
हादसे के मामले में पुलिस ने छह नामजद और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर लापरवाही से वाहन चलाने और उससे मौत होने से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। इस बीच घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
राजभर बोले- आपके लोगों ने मासूम की जान ली
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो में शामिल लोगों की लापरवाही के कारण 14 साल के आर्यवर्धन की जान गई। राजभर ने यह भी कहा कि अखिलेश यादव ने बच्चे की मौत पर न तो दुख जताया और न ही संवेदना व्यक्त की।
राजभर ने लिखा कि रोड शो में शामिल बुलडोजर से आर्यवर्धन की मौत हुई। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
‘बुलडोजर सबसे नहीं संभलता मित्र’
राजभर ने अपनी पोस्ट में तंज कसते हुए कहा, ‘बुलडोजर सबसे नहीं संभलता मित्र।’ उन्होंने अखिलेश यादव की राजनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके रोड शो के दौरान अव्यवस्था और अराजकता देखने को मिली।
‘लोफरों की संगत छोड़ दीजिए’
राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें गलत लोगों की संगत छोड़कर बड़े-बुजुर्गों से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने गोरखपुर दौरे के दौरान गोरखनाथ मंदिर या गीता प्रेस नहीं जाने को लेकर भी तंज कसा।
राजभर ने अपने बयान में चेतावनी दी कि अगर अखिलेश यादव ने अपनी संगत और राजनीतिक तौर-तरीके नहीं बदले तो 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को नुकसान उठाना पड़ सकता है।

