बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने पर घिरीं शाइना एनसी, सोशल मीडिया पर मांगी माफी; उद्धव गुट को भी घेरा

Thecity news
4 Min Read

शिंदे गुट की प्रेस कॉन्फ्रेंस में हुई घटना के बाद शिवसेना प्रवक्ता ने बाल ठाकरे को पिता तुल्य बताते हुए अपनी सफाई पेश की।

शिंदे गुट वाली शिवसेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर फाड़ने का विवाद गहराता जा रहा है। मामले में पार्टी प्रवक्ता शाइना एनसी ने सोशल मीडिया पर लंबा पोस्ट लिखकर माफी मांगी है। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे को पिता तुल्य बताते हुए कहा कि उनके कार्यों और बयानों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया। शाइना ने बालासाहेब के साथ अपनी पुरानी तस्वीरें भी साझा कीं।

बालासाहेब को बताया पिता तुल्य

शाइना एनसी ने अपने पोस्ट में लिखा कि कुछ लोग और रिश्ते जीवनभर दिल में खास जगह बनाए रखते हैं। बालासाहेब ठाकरे उनके जीवन में ऐसे ही पिता तुल्य व्यक्ति थे। उन्होंने बताया कि जब वह छोटी थीं, तभी उनकी बालासाहेब से मुलाकात हुई थी। बालासाहेब उनके पिता के करीबी दोस्त थे और उनके परिवार से गहरा जुड़ाव रखते थे।

शाइना के मुताबिक, बालासाहेब ने उनकी शादी जैसे महत्वपूर्ण मौके पर शामिल होने के लिए भी विशेष प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि उनका परिवार कई वर्षों तक बालासाहेब का साथ और आशीर्वाद पाने के लिए खुद को भाग्यशाली मानता है।

बोलीं- बालासाहेब का अनादर करने का इरादा नहीं था

शाइना ने बालासाहेब ठाकरे को महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि पूरे देश का असाधारण नेता बताया। उन्होंने कहा कि बालासाहेब कट्टर राष्ट्रवादी और हिंदुत्व के आदर्शों पर अडिग रहने वाले नेता थे। वीर सावरकर के प्रति उनकी प्रशंसा और कांग्रेस की विचारधारा के खिलाफ उनका स्पष्ट रुख उन्हें हमेशा प्रेरित करता रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस की घटना पर सफाई देते हुए शाइना ने कहा कि उन्होंने बालासाहेब के विचारों का जिक्र किया था, लेकिन उनके कार्यों और बयानों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया गया। उनका इरादा कभी भी बालासाहेब का अनादर करने का नहीं था।

उन्होंने आगे लिखा कि अगर उनके किसी काम से अनजाने में सच्चे शिवसैनिकों या बालासाहेब के प्रशंसकों की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह उनसे ईमानदारी से माफी मांगती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए उनके कार्यों को गलत तरीके से पेश करने वालों को उनके प्रेम और निष्ठा का प्रमाण मांगने का अधिकार नहीं है।

उद्धव गुट पर भी साधा निशाना

शाइना एनसी ने बिना नाम लिए उद्धव ठाकरे गुट पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग सत्ता और स्वार्थ के लिए बालासाहेब के आदर्शों से समझौता करते हैं, उन्हें उन्हें उपदेश देने का कोई अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि बालासाहेब से जुड़े रिश्ते और उनकी यादें सत्ता की राजनीति से कहीं ऊपर हैं। उनका आशीर्वाद और उनसे जुड़ी यादें ही उनकी असली ताकत हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैसे फाड़ी गई थी तस्वीर?

दरअसल, बुधवार को शिंदे गुट की शिवसेना ने सोनिया गांधी की किताब के विरोध में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की थी। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया था कि किताब में वीर सावरकर का अपमान किया गया है और महाराष्ट्र में इस पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।

इसी दौरान नेताओं ने विरोध जताते हुए सोनिया गांधी की किताब फाड़ी। इस क्रम में शाइना एनसी ने बालासाहेब ठाकरे की तस्वीर भी फाड़ दी। संजय निरुपम के टोकने के बाद उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने तस्वीर किनारे रख दी। इसके बाद से ही इस घटना को लेकर विवाद शुरू हो गया।

Share This Article